मुजफ्फरनगर। सरकुलर रोड पर नगर पालिका के बिना नंबर के एंटी स्माॅगगन वाहन की साइड लगने पर कार सवार अधिवक्ता ने विरोध जताया। बाद में मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने नगर पालिका के वाहन का चालान कर दिया।
शनिवार शाम एक अधिवक्ता कार से महावीर चौक से सरकुलर रोड की तरफ जा रहे थे। तभी नगर पालिका के एंटी स्मागगन वाहन की पानी की बौछार करते समय अधिवक्ता की कार में साइड लग गई। अधिवक्ता ने कार को पालिका के वाहन के आगे खड़ा कर दिया और बिना नंबर वाले पालिका के वाहन के कागज चालक से दिखाने को कहा। मौके पर मौजूद लोगों ने भी अधिवक्ता की बात का समर्थन किया। इस दौरान कुछ देर के लिए सरकुलर रोड का एक तरफ का यातायात भी प्रभावित हो गया था।
मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थाना प्रभारी ने विवाद के निस्तारण के लिए मुकदमा दर्ज कराने के लिए तहरीर देने को कहा लेकिन अधिवक्ता पालिका के वाहन के कागजात दिखाने की बात पर अड़े रहे। बाद में पुलिस ने पालिका के वाहन का चालान कर दिया तब मामला निबट सका। सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि नगर पालिका के वाहन का चालान कर मामला शांत किया गया।