मोरना में मातृ मंडल सेवा भारती की ओर से आयोजित दो दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया। कार्यक्रम में ब्रज, मेरठ, उत्तराखंड से आई 250 महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सेवा कार्यों के संचालन में मातृ शक्ति के योगदान पर चर्चा की गई।
शुक्रताल स्थित श्रीराम आश्रम में मातृ मंडल सेवा भारती द्वारा आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। सेवा कार्यों में श्रेष्ठ कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया गया।
समाज सेवा में महिलाओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए भाजपा नेता डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि समाज के विकास में मातृ शक्ति का विशेष योगदान है। राष्ट्र को मजबूती प्रदान करने के लिए महिलाओं का आत्म निर्भर होना अति आवश्यक है।
मुख्य वक्ता रेणु पाठक, विद्या, डॉ. मंजु गुप्ता, डॉ. तारिणी तनेजा तथा माता राज नन्देश्वरी तथा सेवा प्रमुख रमेशचंद ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय संस्कृति की रक्षा में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान है। महिला एक अध्यापिका के रूप में परिवार को संस्कार देती है। अच्छे संस्कार के द्वारा ही परिवार उच्च संस्कारी बन पाता है।
महिला सशक्तिकरण के बिना किसी भी राष्ट्र का निर्माण असंभव है। संस्था द्वारा पूर्वोत्तर राज्यों में महिलाओं को आत्मनिर्भर व स्वावलंबी कर धर्मांतरण को रोका गया है। अपनी संस्कृति व धर्म का बोध कराकर आत्मविश्वास से परिपूर्ण कर अपनी संस्कृति की ओर आकर्षित करना ही संस्था का उद्देश्य है।
इस अवसर पर राष्ट्रीयस्वयं सेवक संघ के अमरीश गोयल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनिल कुमार, क्षेत्र संयोजिका शारदा शिशौदिया, क्षेत्र मंत्री महामंडल सेवा भारती रीता गोयल, अंजली चौधरी, दमयंती, सुधा गुप्ता, रेणु गर्ग, संजीव कुमार, शरद वत्स, डॉ. महेंद्र तनेजा, डॉ. दीप्ति अग्रवाल, विनोद शर्मा, साध्वी कांता देवी, पूर्व विधायक सुशील अग्रवाल, अनु अग्रवाल, डॉ. अरुणा गर्ग, नीरु शर्मा, लवी अग्रवाल, सीमा तायल, अर्चना गुप्ता, मंजु महेश्वरी, प्रीति गुप्ता, रागिनी गर्ग, अलका अग्रवाल, रीता गोयल, दीप्ति अग्रवाल, सुनीता गौड़, डॉ. नीता गोयल, डॉ. सुधा गुप्ता आदि उपस्थित रहे।