देवल में मंगलवार को मिली नवजात बच्ची को जिला अस्पताल की एमएनसीयू (मां और नवजात देखभाल इकाई) में रखा गया है। मासूम का जन्म एक दिन पहले ही हुआ। जन्म लेते ही मां उसे छोड़कर चली गई। सवाल यह है कि आखिर महिला कौन थी और नवजात को क्यों छोड़कर गई? क्या सिर्फ लड़की होने की वजह से ऐसा किया? क्यों मां उसे दुनिया के भरोसे छोड़ गई?
चाइल्ड हेल्प लाइन पर सूचना मिलने के बाद प्रोबेशन कार्यालय से चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर नीना त्यागी, काउंसलर बिलकिश जहां, कार्यकर्ता अजय कुमार, बाल कल्याण विभाग की टीम और सोशल वर्कर पूजा राणा के साथ जिला महिला चिकित्सालय पहुंचे। मासूम के स्वास्थ्य का हाल जाना। नीना त्यागी ने बताया कि चाइल्ड हेल्प लाइन के माध्यम से जानकारी मिली थी कि कोई दंपती देवल नहर के पास बने एक कमरे में नवजात बच्ची को छोड़ गया है। मासूम को पुलिस के माध्यम से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बच्ची पूरी तरह से स्वस्थ है। डॉक्टरों का कहना है कि एक दिन पहले ही बच्ची ने जन्म लिया है। बच्ची को कोई लेने नहीं आया तो 10 दिन बाद बच्ची को बाल गृह शिशु केंद्र में भेजा जाएगा।
यह भी पढ़ें: सदमे में बैंक मैनेजर: पुलिस को मिले अहम सबूत, सगे देवर से चल रही पूछताछ, जल्द खुलेगा डबल मर्डर का राज
महिला-पुरुष आए और बच्ची को छोड़ गए
देवल में नहर किनारे बने कमरे में बाइक से एक महिला-पुरुष आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों वापस चले गए। उनके जाने के कुछ देर बाद बच्चे के रोने की आवाज आई। लोगों ने जाकर देखा तो कपड़े में लिपटी मासूम रो रही थी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें: बड़ी वारदात: डबल मर्डर की लखनऊ तक गूंज, शिखा के पिता ने SSP को बताए पांच नाम, हस्तिनापुर में ADG-IG का डेरा