हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों का रेला लगातार अपने ईष्ट शिवालयों की ओर बढ़ता जा रहा है। पूरा हाईवे कांवड़ियों के हवाले हो चुका है। पूरे जिले में चारों ओर भोले ही भोले नजर आ रहे हैं, जिससे जनपद शिवमय हो गया है। इस बार हरिद्वार से आ रहीं कांवड़ों पर तिरंगा झंडा लगा हुआ है। ऐसा लग रहा है, जैसे इस बार हर कांवड़ देश के लिए लाई जा रही हो। बम-बम भोले के जयकारों के साथ ही पूरे कांवड़ मार्ग पर भारत माता के जयकारे गूंज रहे हैं।
अब कांवड़ यात्रा अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रही है। शुक्रवार को जिले में कांवड़ियों का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों कांवड़ियों के आगमन से पुलिस प्रशासन और मुस्तैद हो गया है। स्थानीय कांवड़ियों के लौटने के साथ ही जनपद में हाईवे समेत सभी संपर्क मार्गों पर शिव भक्त ही नजर आ रहे हैं।
पुरा महादेव जाने वाले कांवड़ियों की संख्या भी लगातार बढ़ती जा रही है। औघड़दानी के भक्त भगवान आशुतोष की भक्ति में मस्त होकर नाचते गाते अपने गंतव्य की ओर बढ़ते जा रहे हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग में शिवभक्तों की सेवा में सभी धर्मों के लोग जुटे हैं। कांवड़ियां सेवा शिविरों में भोजन और विश्राम कर आगे बढ़ते जा रहे हैं।
इस समय विशाल रंगीन रोशनी से सजी डीजे युक्त कांवड़ के आने का सिलसिला लगातार जारी है। इस आस्था और श्रद्धा के सैलाब को देखने के लिए हाईवे के अलावा शहर और कांवड़ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। शहर का हृदय शिवचौक अपनी सजावट और भव्यता के कारण आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। उधर, शिवरात्रि पर्व के दो दिन शेष रहने पर शिवालयों और मंदिरों में तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
कांवड़ को देखने के लिए उमड़ी भीड़
मेरठ के शिवभक्तों की टोली 101 फुट के तिरंगे के साथ कांवड़ लेकर शुुक्रवार को मुजफ्फरनगर से होकर गुजरी। उनकी विशाल कांवड़ और तिरंगे को देखने के लिए भीड़ लगी रही। यह कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी रही। यहां लोगों ने शिवभक्तों के देशभक्ति के जज्बे को सलाम करते हुए उनका स्वागत किया।
तिरंगा शिव कांवड़ समिति होली चौक मलियाना मेरठ के शिवभक्तों की यह टोली जहां जा रही है। वहीं इसका जोरदार स्वागत किया जा रहा है। इस टोली में शामिल भोला दिनेश कुमार, राजू प्रजापति, सोमी, सतीश सैनी, मनीष सैनी आदि ने बताया कि गत 26 जुलाई को हर की पौड़ी से कांवड़ यात्रा शुरू की थी जो मेरठ के औघड़नाथ मंदिर पर जाकर संपन्न होगी। टोली में शामिल 28 शिव भक्तों ने 101 फुट के तिरंगे के साथ एक कांवड़ भारत माता को समर्पित की है। यात्रा का उद्देश्य हर भारतीय में देशभक्ति का जज्बा जगाना है।