मुजफ्फरनगर। दुष्कर्म के मामले में तारीख पर आई मां व नाबालिग बेटी में विवाद हो गया। बेटी ने दुष्कर्म के आरोपी से शादी करने के लिए मां पर दबाव बनाया। किशोरी ने कचहरी से भागना चाहा तो घर ले जाने का प्रयास करते हुए मां ने पकड़कर बेटी की पिटाई की।
बुढ़ाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली एक किशोरी के साथ एक साल पहले दुष्कर्म के आरोप का मुकदमा अदालत में चल रहा है। शुक्रवार को आरोपी युवक व मां व बेटी कोर्ट में तारीख पर आए थे। लौटते समय किशोरी ने आरोपी से शादी करने की बात मां से कही और जिद करने लगी। मां ने शादी के लिए आयु पूरी न होने की बात कही तो दोनों में विवाद हो गया। किशोरी ने मां के साथ जाने से इनकार कर कचहरी से भागना चाहा तो उसे पकड़ने के लिए मां पीछे दौड़ी। दोनों प्रकाश चौक पर जा पहुंचे। घर चलने के लिए कहने पर किशोरी बिफर गई। उसे पकड़कर जबरन घर ले जाने के प्रयास के दौरान हंगामा हो गया। मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। महिला ने बेटी की पिटाई की तो किशोरी ने पैर में ईंट मार कर खुद को घायल कर लिया। सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को थाने ले गई। थाना पुलिस ने बताया कि महिला ने आयु पूरी होने पर बेटी का मर्जी के अनुसार निकाह कराने का आश्वावन दिया। इसके बाद दोनों घर चली गई।