बेलडा गंगनहर के डाक बंगले पर किसानों की पंचायत आयोजित की गई, जिसमें मोरना चीनी मिल 25 अक्टूबर तक नहीं चलने पर 26 को विशाल धरना प्रदर्शन किए जाने का निर्णय लिया गया। अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। भोपा क्षेत्र के गांव बेलड़ा में सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर चौधरी हरपाल सिंह की अध्यक्षता में किसानों की पंचायत हुई।
मुख्य वक्ता डॉ वीरपाल निर्वाल ने कहा कि चीनी मिल 25 अक्टूबर को हर हाल में चालू हो, इसके लिए मिल प्रशासन को पहले ही अवगत करा दिया गया था। समय पर चीनी मिल चालू नहीं हुई तो 26 को मिल प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मिल प्रशासन चीनी मिल चलाने के कार्यक्रम में जान-बूझकर देरी कर रहा है। गन्ने की फसल तैयार है। गंगनहर बंद हो गई है, जिससे सभी रजवाहों की सफाई कार्य अतिशीघ्र चालू किया जाना चाहिए।
वक्ताओं ने नहर से रेत निकालने के संबंध में कहा कि जरूरतमंद लोगों को रेत निकालने से नहीं रोका जाना चाहिए। अगर प्रशासन ने मकान आदि जरूरत के कार्यों के लिए रेत निकालने वालों को रोका तो उसका कड़ा विरोध किया जाएगा। गन्ना मूल्य, भुगतान आदि सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम का संचालन रामकुमार ने किया। अजय चेयरमैन, राजकुमार, रमन त्यागी, राजीव चेयरमैन, संजीव कुमार, गुरुदास वालिया, नीटू सहरावत, संजय कौरी, संसार सिंह मौजूद रहे।