मुजफ्फरनगर, खतौली। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर सभासद द्वारा घोटाला किए जाने की शिकायत एक समाजसेवी ने प्रधानमंत्री कार्यालय सहित मुख्यमंत्री से की है। शिकायत कर्ता ने घोटाले की जांच कराने के साथ ही जांच करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की मांग की।
समाज सेवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर घोटाला करने का आरोप सभासद पर लगाया है। समाज सेवी विनय जैन ने प्रधानमंत्री सहित मुख्यमंत्री, कमिश्नर को भेजे शिकायती पत्र में बताया कि सभासद अजय कुमार निवासी देवीदास ने एक ही मकान पर अपनी पत्नी मीनाक्षी, भाई सुनील कुमार, विजयपाल के नाम पर ढ़ाई-ढ़ाई लाख रुपये की तीन किस्त प्राप्त की है। सभासद ने घोटाला करते हुए साढे सात लाख रुपये सरकार से ठगने का काम किया है। उन्होंने एक ही जमीन पर तीन बार किस्त देने वाले अधिकारियों की भी जांच कराने की मांग की है, कि किन किन अधिकारियों ने किन कागजों के आधार पर एक ही जमीन पर तीन बार किस्त दिलाई। समाज सेवी ने आरोपी सभासद से रुपये वापस वसूलने के साथ ही जांच करने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।