भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने मोहित
मुजफ्फरनगर। ढिंढावली गांव के मोहित बालियान भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बने हैं। तीन दिन पहले शनिवार को भारतीय सैन्य एकेडमी देहरादून से पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें सेना में आर्मी एयर डिफेंस में लेफ्टिनेंट का पद मिला है। लेफ्टिनेंट बनने के बाद गांव में पहुंचने पर मोहित का ग्रामीणों ने स्वागत किया। मोहित ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी दिवंगत माता नीलम देवी को दिया है। कहा कि उनकी प्रेरणा से ही वह आगे बढ़ पाया है। उसकी सफलता से बड़ी बहन वर्षा और छोटे भाई हर्ष बालियान समेत सभी परिजन गदगद है।
बालियान के पिता श्याम सिंह भी सीआरपीएफ में एसआई है, जो श्रीनगर में तैनात है। मोहित ने हाईस्कूल तक की शिक्षा गांव में पूरी करने के बाद शहर के लाला जगदीश प्रसाद इंटर कॉलिज से इंटरमीडिएट किया। वर्ष 2017 में एनडीए परीक्षा पास करके भारतीय सेना के संस्थान रक्षा अकादमी महाराष्ट्र में प्रवेश लिया। वहां से तीन वर्ष के प्रशिक्षण उपरांत विज्ञान वर्ग से स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वर्ष 2020 में भारतीय सैन्य एकेडमी देहरादून से एक वर्ष का प्रशिक्षण लेकर अब लेफ्टिनेंट में कमीशन प्राप्त किया। इनके ताऊ रामपाल व जगमेर सिंह भी देश को सेवा दे चुके हैं।