मुजफ्फरनगर। टीवी पर रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन 12 में प्रतिभाग कर रहे गायक मौहम्मद दानिश अपने शहर आए तो लोगों ने उनका स्वागत किया। दानिश ने रोड शो निकाल कर ग्रैंड फिनाले के लिए अपने शहरवासियों से वोट की अपील की।
शहर के लद्दावाला निवासी गायक मौहम्मद दानिश ने इंडियन आइडियल में अपनी गायकी से धूम मचा रखी है। वह अंतिम सात में शामिल है। फाइनल में इन सात गायकों में से ही विजेता बनना है। करीब नौ माह बाद मुंबई से शहर लौट कर आए दानिश का लोगों ने स्वागत किया। खतौली चीतल ग्रांड, वहलना चौक, सुजडू चुंगी, मीनाक्षी चौक, शिव चौक चंद्रा टॉकीज, सुपरमार्केट सरवट गेट, लद्दावाला स्थित आवास तक भव्य स्वागत हुआ। उसने लोगों से सोनी लिव एप पर वोट की अपील की। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल के आवास पर उन्होंने अपने सुरों का जादू बिखेरा।
डीएम सेल्वा कुमारी जे से भी भेंट की। डीएम ने कहा कि आशा करते हैं कि आप इंडियन आइडल का खिताब जीतकर जनपद का नाम रोशन करें। पूर्व सांसद अमीर आलम खान, पूर्व विधायक बेटे नवाजिश आलम खान ने भी अपने आवास पर उसका स्वागत किया। लद्ददावालों ने उसका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया, कहा हम दानिश के लिए पूरा सपोर्ट करेंगे। दानिश के मामा वसी खैरी मीरजी, पिता शाहनवाज अली, गय्यूर अंसारी, रफी खैरी, हमनवाज, रानू मलिक, मोहम्मद असद, अफजल, शबाब आलम, हाजी राशिद, गौहर सिद्दीकी, मास्टर इसरार माजिद आदि साथ रहे।