क्रिकेट कप टूर्नामेंट में मीरापुर जूनियर ने बाजी मारी
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के क्रीड़ास्थल पर गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में चल रहे रिपब्लिक क्रिकेट कप टूर्नामेंट के फाइनल मैच में मीरापुर जूनियर ने विद्यादीप मवाना को छह विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। हरफनमौला खिलाड़ी अनस मेवाती को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के क्रीड़ास्थल पर रिपब्लिक क्रिकेट कप टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। रविवार को टूर्नामेंट का फाइनल मैच विद्यादीप मवाना व मीरापुर जूनियर टीमों के बीच हुआ। इसमें विद्यादीप मवाना ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए 18 ओवर में 118 रन बनाए। जवाब में मीरापुर जूनियर टीम ने केवल 15 ओवर में ही चार विकेट पर ही 119 रन बनाकर जीत हासिल कर ट्रॉफी पर कब्जा किया। मीरापुर जूनियर टीम के अनस मेवाती ने 47 रन बनाने के साथ ही दो विकेट भी लिए। इस प्रदर्शन के चलते अनस मेवाती को मैन ऑफ द मैच चुना गया। टूर्नामेंट में उवेश सिद्दीकी को बेस्ट बॉलर, रचिन को बेस्ट बैट्समैन और अमन मुल्तानिया को बेस्ट फील्डर चुना गया। ज्ञानस्थली पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर बीपी सिंह व प्रबंधक उर्मिला सिंह ने विजेता टीम को क्रिकेट किट व ट्रॉफी प्रदान की। वहीं, मैन आफ द मैच रहे अनस मेवाती को टी-शर्ट व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट के आयोजक प्रधानाचार्य दीपक धीमान, अहमद जैदी, अब्बास, अमान, हिमांशु, बिलाल, जुनैद और आयुष का सहयोग रहा।