भाकियू किसान आंदोलन को धार देने में जुटी
मुजफ्फरनगर/शाहपुर। कृषि कानूनों को लेकर चल रहे किसान आंदोलन को तेज करने के लिए भारतीय किसान यूनियन से जुड़े किसान अब गाजीपुर बार्डर पर पहुंचने शुरू हो गए हैं। भाकियू पदाधिकारियों ने भी गांव दर गांव बैठकों का दौर शुरू कर किसानों को आंदोलन से जोड़ने की मुहिम शुरू कर दी है।
कृषि कानूनों के विरोध में भाकियू अब अगले मोर्चे पर रहकर किसान आंदोलन को धार देने में जुट गई है। इसके तहत एक ओर जहां भाकियू के पदाधिकारी गांव दर गांव बैठकें कर किसानों को कृषि कानूनों के दुष्प्रभाव बताते हुए उन्हें आंदोलन से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर बड़ी संख्या में किसान बारी-बारी से राशन सामग्री लेकर गाजीपुर बॉर्डर के लिए निकलने शुरू हो गए हैं। रविवार को शाहपुर क्षेत्र के गांव रसूलपुर जाटान व काकड़ा से बड़ी संख्या में किसान आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए भाकियू जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र बालियान के नेतृत्व में ट्रैक्टर-ट्रॉलियां लेकर गाजीपुर बॉर्डर के लिए रवाना हुए। किसान अपने साथ राशन सामग्री भी लेकर जा रहे हैं, ताकि आने वाले दिनों में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। भाकियू जिलाध्यक्ष धीरज लाटियान ने बताया कि जनपद में अलग-अलग गांवों में बैठक कर किसानों को आंदोलन में शामिल होने के लिए गाजीपुर बॉर्डर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। रविवार को शाहपुर क्षेत्र के साथ ही तितावी क्षेत्र के गांव बुड़ीना कलां, सोंहजनी जाटान व अलीपुर कलां से भी किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ गाजीपुर बॉर्डर रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों ने आंदोलन को मान-सम्मान से जोड़ लिया है और अब केंद्र सरकार को कृषि कानूनों को लेकर कोई न कोई निर्णय लेना ही पड़ेगा।
महापंचायत में शामिल हुए भाकियू तोमर के कार्यकर्ता
छपार। कृषि कानूनों के विरोध में बागपत के बड़ौत में हुई महापंचायत में शामिल होने के लिए रविवार को भाकियू तोमर के कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव तोमर के नेतृत्व में बड़ौत जाने के लिए रवाना हुए। सभी कार्यकर्ता पहले गांव रामपुर स्थित संगठन कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां से वे महापंचायत में भाग लेने के लिए बड़ौत रवाना हुए।