छपार पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हुआ इनामी बदमाश।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुठभेड़ में मीनू त्यागी गैंग का शॉर्प शूटर गिरफ्तार
छपार (मुजफ्फरनगर)। मीनू त्यागी गैंग का शॉर्प शूटर 25 हजार का इनामी विनोद त्यागी उर्फ काला को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से घायल इनामी शूटर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनामी शूटर शहर कोतवाली क्षेत्र से रंगदारी के मामले में भी वांछित चल रहा था।
छपार थाना क्षेत्र के खुड्डा-छपार मार्ग पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। सीओ सदर कुलदीप सिंह ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर नाला पटरी से होते हुए एक खेत में घुसकर भागने का प्रयास किया, जिस पर पुलिस ने घेराबंदी कर जवाबी कार्रवाई की। इसमें एक युवक पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा फरार हो गया। इंस्पेक्टर पवन शर्मा ने बताया कि फायरिंग में घायल की पहचान गांव कुतुबपुर निवासी विनोद त्यागी उर्फ काला के रूप में हुई। विनोद त्यागी मीनू त्यागी गैंग का सक्रिय सदस्य और शॉर्प शूटर है। उसके पास से संदिग्ध बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए हैं। उस पर संगीन धाराओं में 19 मुकदमे दर्ज हैं। पैर में गोली लगने से घायल शूटर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, शहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि कुछ समय पूर्व रोहाना टोल प्लाजा के मैनेजर से मीनू त्यागी गैंग के गुुर्गों द्वारा रंगदारी मांगी गई थी। इस संबंध में मैनेजर की ओर से मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। विनोद त्यागी उर्फ काला इस घटना में शामिल था, जो तभी से वांछित चल रहा था।