तितावी। किसानों का गन्ना भुगतान नहीं मिलने पर केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने किसानों के साथ तितावी थाने पर धरना दिया। उन्होंने तितावी मिल मालिक सिद्धार्थ श्रीराम के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तारी की मांग की। एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता ने मुकदमा दर्ज कराकर जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया। उन्होंने इसके लिए एक टीम भी गठित कर दी। इसके बाद मंत्री ने धरना समाप्त कर दिया।
शुगर मिल तितावी पर क्षेत्र के किसानों का पिछले सत्र का करीब 165 करोड़ रुपया बकाया है। भुगतान न होने के कारण डीएम द्वारा चीनी मिल तितावी के चार मुख्य अधिकारियों पर जिला सहकारी समिति मुजफ्फरनगर के विशेष सचिव रमाशंकर की ओर से 28 अप्रैल 2016 को तितावी थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया था।
जिनमें सुरेश बचलु, अनिल अरोरा, डीपी गंगवार, डीपी शर्मा आदि को नामजद कराया गया था, जबकि मिल मालिक सिद्धार्थ श्रीराम के विरुद्ध कोई मुकदमा पंजीकृत नहीं हुआ था। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान बुधवार को सैकड़ों किसानों और कार्यकर्ताओं के साथ तितावी थाने पहुंचे। किसानों के बीच धरने पर बैठकर तितावी चीनी मिल मालिक सिद्धार्थ श्रीराम की गिरफ्तारी की मांग की।
इस पर तितावी थानाध्यक्ष मुनेंद्र सिंह ने मंत्री को बताया कि थाने में जो मुकदमा पंजीकृत है, उसमें मिल मालिक सिद्धार्थ श्रीराम नामजद नहीं हैं। जो अन्य नामजद हैं, उनके ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस बात से मंत्री डॉ संजीव बालीयान संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने तुरंत मिल मालिक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की मांग रखी।
पहुंचे डिप्टी कलेक्टर मयंक सिंह, सहकारी समिति मुजफ्फरनगर के विशेष सचिव रमाशंकर और एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता ने बातचीत कर निर्णय लिया और सहकारी समिति के विशेष सचिव रमाशंकर की ओर से तहरीर लेकर उक्त धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की बात मंत्री डॉ बालियान से कही, जिस पर मंत्री डॉ संजीव बालियान संतुष्ट हुए। साथ ही एसपी क्राइम से गिरफ्तारी के वारंट निकलवाकर विदेश में बैठे मिल मालिक सिद्धार्थ श्रीराम के विरुद्ध गिरफ्तारी का रेड कॉर्नर निकलवाने की बात कही। एसपी क्राइम ने उन्हें पूर्ण आश्वासन दिया , मिल मालिक की गिरफ्तारी की बात कही।
एसपी क्राइम ने मिल मालिक की गिरफ्तारी के लिए एक स्पेशल टीम के गठन का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्य रूप से अमित धर्म, अशोक ठाकुर, बाबू प्रधान, ओमबीर, संदीप, योगेश बलियान, मन्टू, अनिल प्रधान समेत काफी तादाद में किसान मौजूद रहे।
विदेश गए मिल मालिक
केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने कहा कि पिछले हफ्ते मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मोदी और मवाना ग्रुप के मालिकों के साथ बैठक की थी। बैठक के बाद ही दोनों मिल मालिक विदेश भाग गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को मिल का अधिग्रहण कर लेना चाहिए।
शहर विधायक कपिलदेव कोे बचाने में उतरी भाजपा
मुजफ्फरनगर(ब्यूरो)। स्टिंग ऑपरेशन में घिरे शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल के बचाव में भाजपा भी उतर आई है। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने कहा कि शहर विधायक को बेवजह फंसाया गया है। स्टिंग में दंगे शब्द का जिक्र तक नहीं है। मुजफ्फरनगर को दंगा टूरिज्म बना दिया गया है।
यह चरित्रहनन का मामला है, इसकी जांच होनी चाहिए। भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल को एक निजी चैनल पर स्टिंग आपरेशन में दंगे का सौदागर बताया गया है। पार्टी खुलकर विधायक के पक्ष में खड़ी हो गई है। लखनऊ से पहुंचे विधायक के साथ केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान, भाजपा जिलाध्यक्ष रुपेंद्र सैनी, एडवोकेट चंद्रवीर, उमेश मलिक, देवव्रत त्यागी आदि ने सिंचाई विभाग के डाक बंगले पर प्रेस कांफ्रेंस की।
संजीव बालियान ने कहा कि पूरे प्रसारण में दंगे शब्द का जिक्र तक नहीं हैं। वहीं प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद सीनियर एडवोकेट चंद्रवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में कोर्ट में चैनल के छह लोगों को आरोपित किया जाएगा। विधायक कपिलदेव अग्रवाल ने कहा कि चार माह पहले एक व्यक्ति उनके पास आया था। उनकी ऐड एजेंसी है, उसी बिहाफ पर डाक्यूमेंट्री फिल्म में रोल दिलाने के लिए कुछ युवकों की डिमांड की गई थी। उनकी बातों को तोड़-मरोड़कर दिखाया गया है। उनकी छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई है। विधायक ने कहा कि चैनल के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई के लिए अदालत जाएंगे।