सड़क निर्माण में लापरवाही पर मंत्री ने जताई नाराजगी
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर, चरथावल। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने शुक्रवार को चरथावल विधानसभा क्षेत्र के गांव चौकड़ा, कसौली और बिरालसी में लोगों के निजी कार्यक्रमों में शिरकत की। वहीं मंत्री बिरालसी में कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए।
मंडल अध्यक्ष विकास आर्य और नितिन मलिक ने खुसरोपुर मार्ग और बिरालसी से कयामपुर तक सड़क निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। मंत्री ने मौके पर मोबाइल फोन से संबंधित विभाग के अधिकारी से सड़क निर्माण में धांधली पर नाराजगी जताई। कहा कि इन सड़कों के निर्माण में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। पूर्व जिला मंत्री रामभूल सिंह, राकेश पुंडीर, डॉ. योगेंद्र चौहान, डॉ. संजीव त्यागी, प्रधान के पति मोहन सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा, मनीष गर्ग, अनुज त्यागी, रविकांत आदि मौजूद रहे। कसौली गांव में किसान मोर्चा के जिला मंत्री मा. मामचंद पुंडीर के आवास पर युवा कार्यकर्ताओं ने गांव में 101 फीट का तिरंगा बनवाने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि चरथावल से वाया चौकड़ा, कसौली होकर अकबरगढ़ तक 12 किलोमीटर की प्रस्तावित सड़क निर्माण की चौड़ाई साढ़े पांच मीटर कराई जाए। मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कराने का भरोसा दिया। वीर सिंह, शुभम पुंडीर, शिवम पुंडीर, पिंकी मलिक आदि मौजूद रहे।