खतौली में मेधावी सम्मान समारोह में सम्मानित किए गए मेधावी विद्यार्थी। संवाद
खतौली। रवा राजपूत समन्वय समिति सत्ताइसवाड़ा की ओर से मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के 64 मेधावी विद्यार्थियों के अलावा विभिन्न पदों पर कार्यरत छह लोगों का भी सम्मान किया गया। जानसठ रोड स्थित श्रीराम गार्डन में आयोजित कार्यक्रम में समन्वय समिति के अध्यक्ष मनोज चौहान ने कहा कि समाज को संगठित होकर एकता दिखानी होगी। एकता से ही राजनैतिक पार्टियों में समाज के लोगों को प्रतिनिधित्व मिल सकेगा। समाज के युवाओं को जिम्मेदारी देनी होगी।
शीघ्र ही समाज का एक बड़ा सम्मेलन किया जाएगा। देवेंद्र सिंह बिजनौर, ओमीलाल, सुनील प्रधान, प्रवीण चंद्रवंशी, मनोज राजपूत, तुषार आदि ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर परिश्रम करने से सफलता अवश्य मिलती है। समाज के लोगों से आह्वान किया कि वह अपने बच्चों को संस्कारित शिक्षा दिलाएं। शिक्षा के बिना किसी भी समाज का उत्थान संभव नहीं है।
कार्यक्रम में सीबीएसई, यूपी बोर्ड हाई स्कूल तथा इंटरमीडिएट के 64 मेधावियों के अलावा तीन उच्च शिक्षा हासिल कर रहे विद्यार्थियों और विभिन्न पदों पर सरकारी नौकरी करने वाले छह लोगों को मेडल, प्रशस्ति पत्र तथा प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रामरिक्षपाल, बालमुकुंद, प्रवेश लटूरे, पंकज सूर्यान, विनोद सठेडी, अश्वनी आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता श्रीनिवास सिंह तंवर तथा संचालन पंकज राजपूत ने किया।े