भीषण गर्मी से बचाव के लिए मुहं पर कपड़ा लपेटकर जाती महिला।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पारा 42.4 डिग्री, गर्मी से हाल हुआ बेहाल
मुजफ्फरनगर। गर्मी का प्रकोप जिले में लगातार बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। लगातार तापमान बढ़ने से जनजीवन प्रभावित हो गया है। दिन में मानो आसमान से आग बरस रही है।
जनपद में बीते एक सप्ताह से तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह है कि मंगलवार को पारा 42.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दोपहर में लोग पसीने-पसीने दिखाई दिए। दिन में एक बजे से चार बजे तक हालत ऐसी रही जैस आसमान से आग बरस रही हो। अचानक मौसम में इतनी गर्मी हो जाने से आम आदमी बेहाल हो गया है। ऐसे हालात में यदि कुछ देर के लिए बिजली भाग जाती है तो लोग परेशान हो उठते हैं। भीषण गर्मी के कारण बाजार में अचानक शीतल पेय की डिमांड बढ़ गई है। उधर, मीरापुर क्षेत्र के लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी ने कूलर, पंखे ऐसी आदि भी फेल कर दिए हैं। मंगलवार को भी भीषण गर्मी ने लोगों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। गर्मी से बेहाल लोगों ने अपने-अपने तरीके से वर्षा के लिए दुआएं की। क्षेत्र में मंगलवार का दिन सबसे गर्म रहा। उमस भरी गर्मी में कूलर, पंखे, एसी भी लोगों को राहत नहीं दे पाए। लोग सुकून पाने के लिए गंग नहर रजबहा, ट्यूबवेल आदि स्थानों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी कुछ समय बाद स्थिति जस की तस रही। मंगलवार को दिन निकलते ही उमस भरी गर्मी के होने और आसमान से बरसती आग से सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया।