बैठक स्थगित, अटका पालिका का बजट
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका बोर्ड की बैठक एक बार फिर से फंस गई है। संसद सत्र चालू होने के कारण सात मार्च को प्रस्तावित बैठक स्थगित हो जाने से नगर पालिका का बजट भी पास नहीं हो सका। बैठक में यही सबसे महत्वपूर्ण बिंदु था। अब बोर्ड बैठक तीन अप्रैल के बाद ही हो सकेगी।
नगर पालिका बोर्ड की बैठक सात मार्च को कराने के लिए एजेंडा जारी किया गया था, लेकिन केंद्रीय राज्यमंत्री डा. संजीव बालियान ने संसद सत्र चालू होने के कारण डीएम को पत्र लिखकर बैठक को स्थगित कराने तथा तीन अप्रैल के बाद ही बैठक कराने के लिए कहा था। इस पर चेयरपर्सन ने बैठक को स्थगित कर दिया। बैठक स्थगित हो जाने से नगर पालिका का बजट भी अटक गया है। इस बैठक में बजट ही महत्वपूर्ण बिंदु था। इसके अलावा कुछ अन्य बिंदु भी शामिल किए गए थे। बैठक नहीं होने से ये सभी प्रस्तावित फंस गए हैं।
19 अक्तूबर की बैठक को लेकर चल रहा विवाद
नगर पालिका बोर्ड की 19 अक्तूबर 2019 की बैठक को लेकर अभी विवाद थमा नहीं है। यह बैठक चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल की गैर मौजूदगी में सभासद सुनील शर्मा को अध्यक्ष चुनकर की गई थी। हालांकि मंडलायुक्त सहारनपुर संजय कुमार ने बैठक को वैध माना है, लेकिन नगर पालिका अध्यक्ष ने शासन स्तर पर अपील की है। चेयरपर्सन का कहना है कि अभी उनकी ओर से लिखे गए पत्र के संबंध में कोई जवाब नहीं मिला है, लेकिन नगर पालिका का बजट पास करना जरूरी है। इसलिए बोर्ड बैठक बुलाई गई थी। संसद सत्र होने के कारण अब बैठक के लिए तीन अप्रैल के बाद की कोई तिथि निर्धारित की जाएगी।