ककराैली में सड़क पर आ गए मुस्लिम मतदाता
मीरापुर में मतदान सुबह सात से शाम पांच बजे तक चला। ककरौली गांव में मुस्लिम मतदाता सड़क पर आए। पुलिस पर आरोप लगाया कि मतदान से रोका जा रहा है। जाम लगाने की कोशिश की गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना शुरु किया। इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। एसएसपी अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे और मतदाताओं को समझा बुझाकर शांत किया।
पिस्टल तानने के मामले में एसएसपी ने दी सफाई
एसएसपी अभिषेक कुमार का कहना है कि ककराैली में थानाध्यक्ष कोतवाली का एक वीडियो वायरल साजिश के तहत वायरल किया जा रहा है। ये वीडियो आधी है। पूर्ण सत्य यह है कि यहां दो पक्षों में झड़प की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। लोगों ने रोड जाम करने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें वहां से हटाया। पुलिस पर पथराव किया गया। ये वीडियो जब रिकाॅर्ड किया गया, तब यहां उपद्रवी भाग गए और महिलाओं को आगे कर दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। पथराव करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चुनाव आयोग तक पहुंची शिकायतें
जौली और सीकरी गांव में मतदाताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बैरियर लगाकर उन्हें रोक दिया है। आरोप लगाया कि मुस्लिम मतदाताओं को घरों से नहीं निकलने दिया गया। चुनाव आयोग तक शिकायतें पहुंची।
उधर, एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि रुड़कली में तैनात शाहपुर थाने के दरोगा नीरज कुमार और जौली में तैनात दरोगा ओमपाल सिंह को ढिलाई बरतने पर निलंबित कर दिया या है। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि चुनाव आयोग को हर स्थिति से अवगत कराया गया है।