पथराव करने वालों पर पिस्टल तानते एसओ ककरौली, साइड में खड़ी महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
मीरापुर विधानसभा के उपचुनाव में हंगामे के बीच 60 प्रतिशत मतदान हुआ। ककरौली में मुस्लिम मतदाताओं ने पुलिस पर मतदान से रोके जाने का आरोप लगाते हुए मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर पथराव किया गया। एसओ ककरौली का पिस्टल दिखाने का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट के जरिए एसओ के निलंबन की मांग की। कानून व्यवस्था में ढिलाई पर रुड़कली और जौली में तैनात दो उपनिरीक्षक निलंबित कर दिए गए।
पथराव के बाद ककरौली में गश्त करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मतदान बुधवार सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक चला। ककरौली गांव में मुस्लिम मतदाता सड़क पर आए। पुलिस पर आरोप लगाया कि मतदान से रोका जा रहा है। जाम लगाने की कोशिश की गई। पुलिस ने बल प्रयोग कर भीड़ को हटाना शुरू किया। इस दौरान कुछ युवकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया।
एसएसपी अभिषेक सिंह ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। देर शाम एसओ ककरौली का पिस्टल तानते हुए वीडियो वायरल हो गया। आरोप लगाया कि उन्होंने महिलाओ की ओर पिस्टल ताना है, जबकि एसओ ने कहा कि महिलाएं साइड में खड़ी थीं, उन्होंने सामने से पथराव कर रहे युवकों पर पिस्टल ताना था, जिससे कि वे पथराव करना बंद कर अपने घरों में चले जाएं। एसओ ने कहा कि वायरल वीडियो में भी यह सब देखा जा सकता है।
वहीं जौली और सीकरी गांव में मतदाताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बैरियर लगाकर उन्हें रोक दिया है। मुस्लिम मतदाताओं को घरों से नहीं निकलने दिया गया। चुनाव आयोग तक शिकायतें पहुंचीं। डीएम उमेश मिश्रा मतदाताओं के बीच पहुंचे और मतदान कराया।
उधर, एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि रुड़कली में तैनात शाहपुर थाने के दरोगा नीरज कुमार और जौली में तैनात दरोगा ओमपाल सिंह को ढिलाई बरतने पर निलंबित कर दिया गया है। सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि चुनाव आयोग को हर स्थिति से अवगत कराया गया है।