मुजफ्फरनगर। सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मीरापुर एवं रामराज का निरीक्षण किया। यहां पर दो चिकित्साधिकारी अनुपस्थित मिले। दोनों का वेतन काटने के आदेश दिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. पीएस मिश्रा ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मीरापुर का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर पाया कि चिकित्सा प्रभारी डा. संजीव कुमार समय से पूर्व ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छोड़कर चले गए। उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामराज में निरीक्षण के समय उपस्थिति पंजिका का अवलोकन करने पर महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंजू सैनी समय पूर्व अस्पताल छोड़कर चली गई थी। उनका भी एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए। सीएमओ ने चिकित्सा अधिकारी रामराज को निर्देशित किया कि वह ओपीडी की संख्या बढ़ाएं तथा स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव की सेवाएं उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया। सीएमओ ने सभी अधिकारी व कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि वे अपनी ड्यूटी पर समय से उपस्थित हों एवं समय से पूर्व चिकित्सालय न छोड़ें।