विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत
मोरना (मुजफ्फरनगर)। ककरौली में विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर कोल्डड्रिंक में जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शौहर समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव नंगला बुजुर्ग निवासी शाइस्ता (28) का निकाह करीब डेेढ़ साल पूर्व ककरौली निवासी साजिद के साथ हुआ था। दो जुलाई को शाइस्ता की ससुराल में हालत बिगड़ गई, जिसे पीएचसी पर भर्ती कराया गया, जहां उसके द्वारा जहरीला पदार्थ खाए जाने की बात सामने आई। पीएचसी से विवाहिता को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में विवाहिता के पिता यूसुफ ने ककरौली थाने पर तहरीर देकर बताया कि निकाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उनसे अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल में विवाहिता का उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मृतका के शौहर साजिद, ससुर अहसान, सास रुखसाना, देवर मुदस्सिर व खुशनसीब ने विवाहिता को कोल्डड्रिंक में जहर देकर जबरन पिला दिया, जिससे शाइस्ता की मौत हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।