जानसठ में पानीपत खटीमा राजमार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-907 एडी के लिए कस्बे की रोड को चौड़ीकरण न करके बाईपास बनाने के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद किया। व्यापारियों और कस्बे लोगों ने बाईपास बनाने का विरोध करते हुए पानीपत खटीमा राजमार्ग पर प्रदर्शन कर दो घंटे तक जाम लगाया। जाम लगाने से यातायात बाधित रहा और लंबा जाम लग गया। इसके बाद एक ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा।
पानीपत खटीमा राजमार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित कर फोरलेन बनाने की घोषणा के बाद कस्बे के बाहर से बाईपास निकालने का व्यापारियों व कस्बा वासियों ने दुकानें बंद कर विरोध किया। बृहस्पतिवार को नगर पंचायत अध्यक्ष प्रवेंद्र भड़ाना के नेतृत्व में व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर कस्बे में गढ़ी चौराहे पर इकट्ठा हुए।
व्यापारियों ने कस्बे के बाहर से बाईपास बनाने का विरोध करते हुए कस्बे से ही सड़क का चौड़ीकरण कर राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों व्यापारियों ने पानीपत खटीमा राजमार्ग पर दो घंटे तक जाम लगाए रखा। जिस कारण कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी लाइन लग गई थी। एसडीएम विजय कुमार तथा सीओ सोमेंद्र नेगी ने मौके पर पहुंच कर प्रदर्शन व जाम लगाने वालों को समझा बुझाकर शांत किया।
ज्ञापन प्रधानमंत्री के नाम एसडीएम विजय कुमार को देते हुए बताया कि बाईपास निकलने पर कस्बे का विकास रुक जाएगा। बाईपास बनने से कुछ भू माफिया ने जहां बाईपास निकल रहा है वहां जमीन खरीदकर वारे के न्यारे करने की योजना बना कर कई सौ बीघे जमीन खरीद ली है। मौके पर अब्बास अली खां, सभासद अब्दुल्ला कुरैशी, अश्वनी चौधरी, निशांत कांबोज, मोहम्मद आबिद, भाकियू नगर अध्यक्ष हाजी कामिल, विवेक उपाध्याय, नीटू चौधरी, जयप्रकाश कश्यप, सरदार अजीत सिंह, विभा सिंह, मनदीप छाबड़ा, हसन अली खां, बाबर अंसारी, सुभाष चौधरी, रोशन जैदी आदि मौजूद रहे।