टॉवर लगाए जाने के विरोध में बंद पड़ा गांधी कालोनी का बाजार।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
टॉवर लगाने के विरोध में बंद रखा बाजार
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी में मोबाइल कंपनी का टॉवर लगाने को लेकर स्थानीय निवासियों ने विरोध जताया। व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर प्रशासन से टावर नहीं लगने देने की मांग की। इस संबंध में स्थानीय लोग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिलदेव अग्रवाल से भी मिले। एक ज्ञापन एडीएम वित्त एवं राजस्व को भी दिया गया।
एक मोबाइल कंपनी के द्वारा गांधी कालोनी की गली नंबर 16 में एक मकान पर टावर लगवाया जा रहा है। दो दिन पहले इसे लेकर यहां के निवासियों ने विरोध जताया था। लोगों का कहना है कि घनी आबादी क्षेत्र में मोबाइल टावर दुर्घटना का कारण बन सकता है तथा इससे कई तरह की बीमारियां भी हो सकती हैं। शनिवार को सुबह कालोनी वासियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखकर टावर लगाने का विरोध किया। बाद में सभासद प्रेमकुमार उर्फ प्रेमी छाबड़ा, पवन अरोरा, सतपाल सिंह आदि के साथ मोहल्लेवासी राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से मिले। मंत्री ने आश्वासन दिया कि उनकी भावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जाएगी। बाद में कालोनी वासी कलक्ट्रेट पहुंचे और एडीएम वित्त एवं राजस्व आलोक कुमार को ज्ञापन दिया।