संयुक्त राष्ट्र संघ के निर्देश पर सड़क हादसों में मृतकों का श्रद्धांजलि देने के लिए मैराथन का आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों और अफसरों ने भाग लिया। नुमाइश कैंप से सुजडूृ चुंगी तक दौड़ कराई गई। इस मौके पर अधिकारियों ने धावकों और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। वहीं, देर शाम को महावीर चौक पर मृतकों की याद में मोमबत्ती जलाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
सहायक संभागीय परिवहन और यातायात विभाग की ओर से सड़क दुघर्टनाओं में मृतकों की स्मृति में मैराथन का आयोजन किया गया। जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से करीब 150 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दौड़ को एसडीएम सदर कन्हई सिंह, एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया व एआरटीओ राजीव बंसल, एआरएम बीपी अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मैराथन दौड़ नुमाइश कैंप से सुजडू चुंगी तक कराई गई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक इसमें भाग लिया। विजेता बच्चों के नाम रखे गए हैं। जिन्हें कार्यक्रम के बाद सम्मानित किया जाएगा।
एआरटीओ राजीव बंसल ने दौड़ समाप्त होने के बाद सभी धावकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
उधर, देर शाम को मृतकों की याद में महावीर चौक पर जिले के ट्रांसपोर्टर, यातायात विभाग के कर्मचारी और नागरिकों ने एकत्र हुए। यहां पर मृतकों को मोमबत्ती जलाकर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। वक्ताओं ने कहा कि सावधानी पूर्वक सफर करने के लिए बाइक सवार हेलमेट, कार सवार सीट बेल्ट लगाएं। धीमी और निर्धारित गति से वाहन चलाएं। साथ ही यातायात के नियमों का पालन और उनकी जानकारी होना भी जरूरी है।