मंसूरपुर मिल रोड पर हुई ग्रामीणों की पंचायत में वक्ताओं ने पुलिस पर गांव घासीपुरा में फर्जी मुठभेड़ करने का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस प्रशासन से अब यह लड़ाई एकजुटता के साथ लड़नी होगी। वक्ताओं ने कहा कि शनिवार को होने वाली पंचायत में आगे की रणनीति तैयार की जाएगी।
मिल रोड पर शुक्रवार को अंगद के आवास पर हुई पंचायत में वक्ताओं ने गांव घासीपुर में मारे गए तीनों युवकों की मौत पर दुख प्रकट किया। वक्ताओं का कहना था कि मुठभेड़ में मारे गए युवकों को इंसाफ दिलाने के लिए एकजुट होकर लड़ाई लड़नी होगी। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शनिवार को दोबारा से पंचायत आयोजित की जाएगी। इस पंचायत में मृतकों के परिजनों को बुलाया जाएगा।
मृतक परिजनों की मौजूदगी में ही पंचायत में सर्वसम्मति से आगे की लड़ाई की रणनीति तैयार की जाएगी। पंचायत में भाकियू नेता चंद्रपाल फौजी, रालोद नेता संजय राठी, विकास बालियान, पंकज राठी, भाजपा नेता नितिन मलिक, खतौली भाजपा नगराध्यक्ष प्रशांत देशवाल, हरीश अहलावत, नंदकिशोर पांचाल, अशोक राठी, संजीव राठी, पप्पू राठी, इंद्र भगत जी, शोकेंद्र प्रधान, भूपेंद्र राठी आदि उपस्थित रहे।