मंसूरपुर के गांव जड़ौदा-बेराजपुर में रेलवे ट्रैक का काम रुकवाने के बाद गांव सोंटा स्थित प्लांट म?
- फोटो : KHATAULI
किसानों ने रेलवे ट्रैक निर्माण का कार्य रोका
मंसूरपुर। मुआवजे की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों ने जड़ौदा-बेगराजपुर में रेलवे ट्रैक निर्माण का कार्य रोक दिया है। किसानों ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, किसी भी सूरत में कार्य प्रारंभ नहीं करने दिया जाएगा।
बता दें कि रेलवे विभाग डीएफसी योजना के तहत माल ढुलाई के लिए रेलवे ट्रैक का निर्माण करा रहा है। क्षेत्र के बेगराजपुर, जड़ौदा, लछेड़ा आदि गांव के किसानों को अभी तक मुआवजा व अनुदान नहीं मिला है। क्षेत्र के किसान रविवार को भाकियू के मंडल महासचिव राजू अहलावत के नेतृत्व में जड़ौदा में पहुंचे। वहां उन्होंने कर्मचारियों को चेतावनी दी कि जब तक किसानों का पूरा मुआवजा व अनुदान नहीं मिल जाता, तब तक कार्य किसी सूरत में प्रारंभ नहीं करने दिया जाएगा। पांच दिन पूर्व भी किसानों ने यहां पर कार्य रुकवा दिया था। इसके बाद किसानों ने बेगराजपुर में नाले पर पुल का निर्माण कर रहे कर्मचारियों को कार्य करने से रोक दिया। कहा कि जब तक किसानों की मांगे पूरी नहीं होगी कार्य प्रारंभ नहीं करने दिया जाएगा। रेलवे विभाग के सोंटा के पास प्लांट कार्यालय पर भी किसानों ने तालाबंदी कर दी। राजू अहलावत का कहना था कि जिला प्रशासन व रेलवे अधिकारी किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रहे हैं। मुआवजा व अनुदान को लेकर रेलवे अधिकारियों के साथ अब आरपार का आंदोलन होगा। इस अवसर पर भाकियू के वरिष्ठ नेता चौधरी अंतरवीर, डा. उदय पाल, विक्रांत, गौरव, शीलू, दुष्यंत, आशु, मनोज सहरावत आदि किसान शामिल रहे।