जानसठ के गांव कवाल में गोवंश के आधार कार्ड बनाने के कार्य का शुभारंभ करते विधायक विक्रम सैनी।
- फोटो : KHATAULI
गोवंश के आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू
जानसठ। प्रदेश सरकार ने गोवंश को बेसहारा छोड़ने से बचाने तथा शतप्रतिशत टीकाकरण करवाने को लेकर पशुओं के आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया है। इसका उद्घाटन विधायक विक्रम सैनी ने किया।
जानसठ के पशु चिकित्सा अधीक्षक डीपी सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा पशुओं के आधार कार्ड बनाने का शुभारंभ गांव कवाल में विधायक विक्रम सैनी द्वारा गोवंश के कान में 12 डिजिट का बिल्ला डालकर किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से गोवंश व पशुओं की सुरक्षा को लेकर सभी पशुओं के आधार कार्ड बनाने का कार्य शुरू किया गया है। अब कोई भी व्यक्ति गोवंश को बेसहारा नहीं छोड़ पाएगा। बेसहारा पाए गए गोवंश के मालिक की आधार कार्ड के द्वारा पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पशु चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि तहसील के सभी गोवंश व अन्य पशुओं के आधार कार्ड बनाए जाएंगे। पशुओं के कानों में 12 डिजिट नंबर का बिल्ला डाला जाएगा, जिससे ईयर ट्रेनिंग कर पशुओं का 12 डिजिट का आधार कार्ड बनाकर ऑनलाइन इनाफ पोर्टल पर ऑनलाइन कर पशुपालक व उनके पशुओं का रिजर्वेशन किया जाएगा। सभी पशुओं के आधार कार्ड बनने के बाद खुरपका व मुंहपका तथा अन्य बीमारियों की रोकथाम के लिए टीकाकरण करने की सुविधा होगी, जितने पशुओं का टीकाकरण होगा उनकी ऑनलाइन फिटिंग कर दी जाएगी। शेष बचे पशुओं को आसानी से पहचाना जा सकता है। इसके लिए गांव गांव में पशु मित्र रखकर उन्हें ट्रेनिंग देने का कार्य में चल रहा है।