मुजफ्फरगनर में बैंंक के कर्मचारियों पर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने बैंक के शाखा प्रबंधक सहित कर्मचारियों का घेराव कर बैंक की तालाबंदी कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल ग्रामीणों को शांत किया और बैंक का ताला खुलवाया।
गांव ककरौली बस स्टैंड स्थित भारतीय स्टेट बैंक में शुक्रवार की सुबह वकीला, कमर जहां, मुन्नी, नूरजहां, शकीला, रिहाना, खातून, फात्मा, सकीना, नसरीन, शहनाज, फरजाना पैसे लेने पहुंचीं। इन महिलाओं ने बताया कि वे प्रतिदिन सवेरे घर का सब काम छोड़कर पैसे लेने के लिए लाइन में लग जाती हैं। दोपहर होते-होते कैश खत्म होने की घोषणा कर दी जाती है। कई दिनों से बैंक के चक्कर काटने के बाद वे खाली हाथ अपने घर चली जाती है। इसकी शिकायत उन्होंने बैंक प्रबंधक व कर्मचारियों से की। आरोप है कि कर्मचारियों ने महिलाओं के साथ अभद्रता की जिसको लेकर महिलाओं ने बैंक परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया।
सूचना पर महिलाओं के परिजन ग्रामीणों को साथ लेकर बैंक पर पहुंचे। ग्रामीणों ने प्रबंधक सीएम शर्मा, मनोज, हरवीर सिंह, नीरज, रामबहादुर आदि कर्मचारियों को बैंक से बाहर निकाल कर बैंक में ताला डाल दिया। ग्रामीणों ने बैंक के बाहर प्रबंधक सहित कर्मचारियों का घेराव करते हुए जमकर नारेबाजी की। सूचना मिलने के पर ककरौली थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को कैश दिलवाने का आश्वासन देकर शांति किया।
खतौली के बैंकों में पैसे लेने के लिए शुक्रवार को ग्राहकों की काफी भीड़ रही। दो बैंकों में कर्मचारियों द्वारा पैसे नहीं देने पर लोगों ने हंगामा कर दिया। पैसे लेने के लिए सुबह आठ बजे आकर बैंकों के सामने लाइन लगाकर खड़े हो गए थे। आईसीआईसीआई बैंक में कर्मचारी द्वारा पैसे देने से मना करने पर ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान कर्मचारियों और लोगों में नोकझोंक भी हुई। इसके अलावा एक्सिस बैंक पर भी पैसे न देने पर हंगामा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ग्राहकों को समझाकर शांत किया। वहीं, देर शाम तक एटीएम मशीनों पर भी पैसे निकालने को ग्राहकों की लंबी लाइन लगी रही।
जानसठ में नोटबंदी के बाद नगर एवं क्षेत्र के बैंकों में कैश पर्याप्त मात्रा में न होने के कारण दो हजार रुपये ही ग्राहकों को दिए जा रहे हैं। जिसको लेकर उनमें रोष व्याप्त है। नगर के स्टेट बैंक, पीएनबी, ओबीसी, केनरा, सर्वयूपी ग्रामीण बैंकों में सुबह से ही पैसे लेने वालों की भीड़ लगनी शुरू हो जाती है, लेकिन शुक्रवार को बैंकों में कैश न होने व 2000 के सिक्के मिलने से ग्राहक कम रहे। पांच एटीएम में से दो स्टेट बैंक व पीएनबी से ही ग्राहकों को रुपये मिले।
कैशलेस ट्रांजेक्शन के बताए फायदे
मुजफ्फरनगर। सनातन धर्म महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में भारतीय स्टेट बैंक मखियाली शाखा ने बैंक बड़ी एवं कार्यशाला का आयोजन किया। मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण श्रीवास्तव ने उपभोक्ताओं को कैशलेस ट्रांजेक्शन के संबंध में जानकारी दी। मुख्य अतिथि ने शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को बड़ी एप एंड वॉलेट एंड कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बताया कि इस एप को कैसे डाउनलोड किया जाएगा और इसका प्रयोग किस प्रकार होगा।
नईमंडी ब्रांच के मुख्य प्रबंधक दिग्विजय शर्मा ने एसबीआई की कैशलेस ट्रांजेक्शन के बारे कई जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि आने वाला समय कैशलेस सिस्टम का है। उन्होंने बताया कि प्रोग्राम 13 भाषाओं में है, जिसके माध्यम से रोजमर्रा की खरीदारी, आनलाइन धन हस्तांतरण, रिचार्ज, ऑनलाइन शॉपिंग, कार बुकिंग, बिजली बिल भुगतान आदि कर सकते हैं।
बैंक अधिकारी प्रशांत सक्सेना ने भी कई जानकारी दी। प्राचार्य डॉ आरके मित्तल ने कहा कि इस कार्यशाला से शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सीधे लाभ होगा। संचालन वाणिज्य संकाय विभागाध्यक्ष डॉ एससी वार्ष्णेय ने किया। कार्यक्रम में डॉ सरोज गुप्ता, डॉ राजेश कुमार, डॉ निशा अग्रवाल, डॉ एसपी अग्रवाल, डॉ बबीता गुप्ता, धीरज गिरधर, अंजलि कश्यप, ज्योति रावत, पावी सैनी, सोनाक्षी, राहुल मिश्रा, मनीष गर्ग, धीरज उपाध्याय, आलोक आर्य आदि मौजूद रहे।