बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कस्बे के एक युवक ने फेसबुक पर महाराष्ट्र की युवती से चैटिंग के दौरान दोस्ती की और युवती से अपने बैंक खाते में ऑनलाइन एक लाख से ज्यादा रुपये ट्रांसफर करवा लिए। बाद में वह युवती को उसके घर से भगाकर ले आया। महाराष्ट्र पुलिस ने युवती के मोबाइल से उसकी लोकेशन के आधार पर कस्बे में दबिश देकर युवती को बरामद कर लिया।
बुढ़ाना कस्बे के मोहल्ला कस्सावान का रहने वाला आमिर पुत्र अकरम महाराष्ट्र में फेरी करके कपड़ा और बिजली के उपकरण बेचने का कार्य करता है। आमिर की महाराष्ट्र के जनपद सांगली की कालोनी जथ निवासी की बेटी से फेसबुक पर चैटिंग के दौरान दोस्ती हुई। दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। आमिर ने उससे ऑनलाइन एक लाख से अधिक रुपये अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। पांच दिन पहले आमिर उसकोे भगाकर बुढ़ाना घर ले आया। लड़की के पिता ने गुमशुदगी की रिपोर्ट सांगली के कालोनी जथ के थाने में दर्ज करवाई। शुक्रवार दोपहर दो बजे महाराष्ट्र पुलिस युवती के परिजनों के साथ बुढ़ाना कोतवाली पहुंची और महिला इंस्पेक्टर पीएम मुजावर ने आमद कराते हुए स्थानीय पुलिस को घटना से अवगत करवाया। मोबाइल लोकेशन के अनुसार कस्बे के मोहल्ला कस्सावान में दबिश देकर पुलिस ने आमिर के घर से युवती को बरामद कर लिया, लेकिन आमिर वहां नहीं मिला। इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस और युवती के परिजन युवती को अपने साथ लेकर महाराष्ट्र चले गए।
लड़के को अपने साथ ले जाकर घर कारोबार में लगाते
बुढ़ाना। युवती के परिजनों ने बुढ़ाना कोतवाली में बताया कि उनका बहुत बड़ा कारोबार है। लड़के के पास तो उनकी लड़की के रहने के लिए अच्छा मकान भी नहीं है। वह अपनी बेटी की इच्छा पूरी करने को तैयार है। यदि वह लड़का यहां मिल जाता तो उसे हम अपने साथ ले जाते। अपनी बेटी का निकाह उसके साथ करते। उसे अपने साथ कारोबार में लगा लेते।