-रेड क्राॅस सोसायटी की बैठक में लगाया गया आरोप, एक की जगह लिए गए 10-10 रुपये
मुजफ्फरनगर। लंबे समय बाद हुई जिला रेडक्रॉस सोसायटी की आम सभा में शिकवे और शिकायतों का दौर चला। आरोप लगाया गया कि जादू दिखाने के लिए रेडक्रॉस के नाम पर स्कूलों से रुपये इकट्ठे किए गए हैं। सदस्यों ने कहा कि निर्धारित सहयोग से अधिक की वसूली की गई। बाढ़ राहत और चुनाव का मुद्दा उठाया गया। डीएम उमेश मिश्रा ने चुनाव के लिए सदर तहसीलदार को नोडल अधिकारी नामित किया। वहीं अन्य प्रकरणों की जांच कराई जाएगी।मंगलवार को विकास भवन सभागार में डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। उन्होंने रेड क्रॉस भवन को आधुनिक बनाने और अगली बैठक भवन में ही आयोजित करने के निर्देश दिए। स्कूल-कॉलेजों में मैजिक शो के दौरान रेड क्रॉस के नाम के दुरुपयोग का मुद्दा भी उठा।
होली चाइल्ड पब्लिक इंटर कॉलेज जड़ाैदा के प्रधानाचार्य प्रवेंद्र दहिया ने कहा कि जिले के स्कूल-कॉलेजों में मैजिक शो के लिए रेड क्रॉस के नाम से रुपये लिए गए। प्रति बच्चा एक के बजाए 10 रुपये एकत्र करने की बात कही गई।
डीएम ने कहा कि प्रकरण की जांच के लिए डीआईओएस और बीएसए को निर्देशित किया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ आपदा राहत में कम सहयोग का मुद्दा भी उठाया गया। डीएम ने अधिक से अधिक सहयोग के निर्देश दिए। साथ ही तय किया गया कि चुनाव से पहले सदस्यों की सूची दुरुस्त कर ली जाए। नोडल अधिकारी इसका काम संभालेंगे। इस दौरान सोसायटी की ऑडिट रिपोर्ट और आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। सोसायटी के खाते में 1.17 करोड़ रुपये से अधिक की सुरक्षित जमा राशि होने की जानकारी दी गई।
जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया, एसीएमओ डॉ. दिव्या वर्मा, पूर्व चेयरमैन सुभाष चंद शर्मा, डॉ. गीतांजलि वर्मा, नीलकमल पुरी, डॉ. राजीव कुमार और मेजर अरविंद कुमार मौजूद रहे।
इनसेट
मोबाइल टेस्टिंग लैब की स्वीकृति
सोसायटी चेयरमैन डॉ. अशोक अरोड़ा ने बताया कि सोसायटी को राज्य मुख्यालय से मल्टीपर्पज मोबाइल टेस्टिंग लैब मिलने की स्वीकृति मिल गई है, जो जल्द जनपद में आएगी। ऑक्सीजन सिलिंडर उपलब्ध होने की जानकारी भी दी गई। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक सहयोग किया गया है।