मुजफ्फरनगर। बारिश और कई स्थानों पर ओले पड़ने से तापमान में गिरावट आई है। अचानक मौसम मेंं परिवर्तन के कारण लोगों को कई प्रकार की बीमारियां जकड़ रही हैं। जिला चिकित्सालय ओपीडी सहित आईपीडी में बुखार और अन्य बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। कई मरीजों को भर्ती कराया गया है, जबकि सैकड़ों मरीजो को ओपीडी में उपचार दिया जा रहा है।
अप्रैल में मौसम के लगातार बदलते मिजाज ने जनपद के लोगों की सेहत पर असर डालना शुरू कर दिया है। गर्मी के दिनों में तापमान के उतार-चढ़ाव के कारण वायरल, सर्दी-खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ी है। बढ़ते मरीजों के दबाव को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ.योगेंद्र त्रिखा का कहना है कि तापमान में उतार-चढ़ाव (गर्म-ठंडा) वायरल इन्फेक्शन, सर्दी-जुकाम, खांसी, बुखार, एलर्जी, और पेट की समस्याओं का कारण बन रहा है। इससे बचने के लिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना होगा। पौष्टिक आहार (विटामिन सी) लें, गर्म पानी पिएं और साफ-सफाई का खास ख्याल रखें। भीड़भाड़ में मास्क का प्रयोग करें। यह वायरल लोड को कम करने में मदद करता है।