दीपावली पर्व पर पूजन के लिए कमल के फूल की मांग रही।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कमल के फूलों से होगी मां लक्ष्मी की पूजा
मुजफ्फरनगर। दिवाली पर फूलों के बाजार में भी बहार आ गई है। घरों को सजाने के लिए गेंदे के फूलों और अशोक की पत्तियों की मालाएं खूब बिक रही हैं, जबकि मां लक्ष्मी एवं गणेश जी के पूजन के लिए कमल के फूलों की भी मांग है। शिव चौक से सिटी सेंटर के बीच सड़क के दोनों ओर फूलों की करीब डेढ़ दर्जन दुकानें सजी हैं।
दिवाली के पर्व पर नगर फूलों की खुशबू से महक रहा है। नगर में रुड़की-मेरठ रोड पर शिव चौक से सिटी सेंटर तक फूलों की खूब बिक्री हो रही है। गेंदे के फूल एवं अशोक के पत्तों की मालाएं बनाकर बेची जा रही हैं। फूल विक्रेता मोहम्मद यासिर बताते हैं कि गेंदे के फूल 80 से 100 रुपये किलो बिक रहे हैं, जबकि इनकी माला 30 रुपये प्रति माला की दर से बेची जा रही हैं। संयोग फ्लावर के मालिक सचिन बताते हैं कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार फूलों के दामों में 20 से 30 रुपये तक बढ़े हुए हैं। आलम, मनव्वर, मनोज का कहना है कि दिवाली पर लक्ष्मी एवं गणेश जी के पूजन के लिए लोग कमल के फूल खरीदते हैं। साफ-सुथरे खिले हुए कमल के फूल 80 से 100 रुपये प्रति पीस के हिसाब से बिक रहे हैं। गुलजार और जुनैद ने बताया कि फूलों का बाजार पिछले वर्ष के मुकाबले थोड़ा मंदा है। रविवार को दिवाली पूजन होगा। इस दिन ज्यादा फूलों की बिक्री होने की उम्मीद है। वैसे यहां पर बेगराजपुर, घासीपुरा, शहर के फूल आ रहे है, मगर दिल्ली की गाजीपुर मंडी के बड़े गेंदों की डिमांड ज्यादा है, यह फूल महंगा भी है।