मीरापुर। रामराज थाना क्षेत्र के गांव टिकोला निवासी ओमपाल को दिनदहाड़े छह बदमाशों ने बंधक बनाकर दस बकरियां लूट लीं।
रामराज थाना क्षेत्र के गांव टिकोला निवासी ओमपाल पशुपालक है। जंगल में बकरियों को चराकर परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार दोपहर वह लगभग 80 बकरियों को टिकोला के जंगल में चराने के लिए लेकर गया था। लगभग एक बजे वह बकरियों को पानी पिलाने के लिए टिकोला नहर पुल के निकट ले गया।
ओमपाल ने बताया कि उसी समय वहां पर पहले तो एक बाइक पर सवार होकर तीन लोग आए। जो रेकी कर आगे चले गए। उसके बाद लगभग छह बदमाश एक कार में सवार होकर आए। दो-तीन बदमाशों ने उसे आतंकित कर एक तरफ बैठा लिया। बाकी बदमाश उसकी दस बकरियों को कार में लेकर फरार हो गए। वह किसी प्रकार गांव टिकोला स्थित अपने घर पंहुचा। अपने परिजनों को जानकारी दी। उसके परिजन तथा गांव टिकोला निवासी दर्जनों लोग जंगल में टिकोला नहर पुल पर इकट्ठा हो गए। घंटों की तलाश के बाद 70 बकरियां जंगल में घूमती हुई मिल गईं।
ओमपाल ने बताया कि उसकी दस बकरियों की कीमत लगभग 1 लाख रुपए है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रामराज थाना पुलिस ने मामले की जांच की। पुलिस का कहना है कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।