पड़ताल : लोग बोले, जल्द से जल्द होना चाहिए समस्या का समाधान
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
गढ़ीपुख्ता। क्षेत्र के गांव गढ़ी अब्दुल्ला खां में जूनियर स्कूल के बराबर वाली गली में सिल्लू के मकान से शेट्टी के मकान तक सड़क पर गंदा पानी व कूड़ा-करकट जमा रहता है। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों और मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का आरोप है कि सफाई व सिल्ट निकालने का कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। कई बार ग्राम प्रधान व आलाधिकारी को अवगत कराने के बावजूद अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ है। राहुल सैनी ने बताया कि इस सड़क से होकर स्कूल जाने वाले छोटे-छोटे बच्चे गुजरते हैं। कई बार बच्चे कीचड़ में गिर जाते हैं और उन्हें दोबारा कपड़े बदलकर स्कूल जाना पड़ता है।
यह बोले लोग
मिंटू ने बताया कि रास्ते की दोनों ओर बनी नालियों में कीचड़ भरा रहता है। घरों से निकलने वाला गंदा पानी व कूड़ा-करकट निकासी न होने के कारण नालियों और सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे मोहल्लेवासियों को आवागमन में परेशानी होती है।
शुभम सैनी ने कहा कि इसी रास्ते से होकर मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी कीचड़ और गंदे पानी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
विजय सैनी ने बताया कि गांव में जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सफाई कार्य केवल कागजों तक सीमित रह गया है और सफाई के नाम पर निकलने वाले सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है।
इस संबंध में ग्राम सचिव महेंद्र सिंह ने बताया कि गंदे पानी की निकासी की समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा।
-गढ़ी अब्दुल्ला खां में जलभराव की समस्या के बारे में जानकारी नहीं है। समस्या का जल्द ही समाधान कराया जाएगा। लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
-अरविंद कुमार चौहान, जिलाधिकारी