सेना के फर्जी कागजात तैयार कर शराब की तस्करी करने वाले तस्कर।
- फोटो : अमर उजाला
मीरापुर पुलिस ने फर्जी कागजातों के आधार पर जालंधर कैंट से असम के नारंगी कैंट जा रहे ट्रक से करीब 31 लाख रुपये कीमत की 425 पेटी अंग्रेजी और 20 लीटर रेक्टीफाइड बरामद की है। इस मामले में ट्रक को कब्जे में लेकर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
मीरापुर इंस्पेक्टर अरविंद कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता में इस संबंध में जानकारी दी। बताया कि पुलिस को शराब तस्करी की सूचना मिल रही थी। सूचना पर पुलिस ने सोमवार सुबह संभलहेड़ा चौकी के पास मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे ट्रक को घेराबंदी कर रोका। तलाशी लेने पर ट्रक में लदे कार्टूनों के अंदर 425 पेटी रॉयल स्टेग ब्रांड अंग्रेजी शराब और 20 लीटर रेक्टीफाइड छिपाकर रखी मिली। इस शराब को फर्जी कागजातों के आधार पर पंजाब से असम ले जाई जा रही थी।
पुलिस ने ट्रक ड्राइवर धर्मेंद्र सिंह पुत्र हरविंद्र सिंह तथा परिचालक मंजीत सिंह उर्फ बब्बू पुत्र अंग्रेज सिंह, निवासीगण पंडूरी गोला, थाना सदर, जिला तरनतारन, पंजाब को गिरफ्तार किया। ट्रक चालक ने बताया कि सेना और वायुसेना के फर्जी कागजातों के आधार पर जालंधर कैंट से असम के गोहाटी क्षेत्र के नारंगी कैंट में ले जाई जा रही थी।
ट्रक चालक से बरामद कागजों में ट्रक में लदे कार्टूनों में फौजियों के लिए दैनिक जीवन के सामान के फर्जी बिल दर्शाए गए थे। इन कागजों पर सेना के मेजर रैंक के अधिकारी की मोहर व हस्ताक्षर भी थे। पुलिस ने पकड़ी गई शराब की कीमत करीब 31 लाख रुपये बताई। ट्रक में शराब को छिपाने के लिए पीछे की ओर पुराने खराब फ्रिज भी लगाए गए थे। एसएसपी अनंत देव ने पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
सेना के फर्जी कागजों से की जा रही है शराब की तस्करी
मीरापुर। भारतीय सेना और वायुसेना के फर्जी कागजों के आधार पर शराब की तस्करी गंभीर विषय है। मीरापुर में पकड़ी गई शराब के साथ गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि कैंट एरिया के नाम पर बने कागजातों को रास्ते में कोई भी अधिकारी अथवा पुलिस गंभीरता से नहीं लेते। पकड़े गए कागजों पर मेजर रैंक के अफसर की मोहर व हस्ताक्षर लगाकर लाखो रुपये की शराब की तस्करी अथवा अन्य नशीले पदार्थों का एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। पकडे़ गए तस्करों से बरामद कागजातों की भी व्यापक जांच जरूरी है। इस संबंध में सीओ जानसठ एसकेएस प्रताप का कहना है कि पुलिस गंभीरता से इसकी जांच पड़ताल कर रही है।