चार खाद विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित
मुजफ्फरनगर। जिले के चार खाद विक्रेताओं पर उपनिदेशक कृषि ने कार्रवाई करते हुए उनकी दुकान को निलंबित कर दिया है। इन खाद विक्रेताओं पर ई-पॉस मशीनों का प्रयोग नहीं करने और रिकार्ड दुरुस्त नहीं रखने का आरोप हैं।
उपनिदेशक कृषि जसवीर सिंह तेवतिया ने जिले में खाद की दुकानों का निरीक्षण किया। चार दुकानों पर रिकार्ड सहीं नहीं मिलने पर उन्हें नोटिस दिया गया। नोटिस का जवाब नहीं देने पर चारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए है। उप निदेशक कृषि ने बताया कि ये चारों प्राइवेट दुकानदार है। इनकी दुकानों पर खाद का वितरण रजिस्टर अपडेट नहीं मिला था। ई-पॉस मशीनों का भी यह नियमित प्रयोग नहीं करते हैं। खाद वितरण का पूरा रिकार्ड दुरुस्त नहीं है। कैश मीमो भी सही नहीं पाया गया। जिन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई हुई है इनमें जटमुझेडा, लालूखेडी, गंगधाडी और शाहपुर के बसी रोड का दुकानदार शामिल है। उप निदेशक कृषि ने बताया कि यदि कोई दुकानदार खाद के निर्धारित रेट से ज्यादा वसूलता पाया गया तो उसके खिलाफ सीधी कार्रवाई होगी। उन्होंने बताया कि यह जो कार्रवाई हुई है यह विभाग की रूटीन की कार्रवाई है। इसका यूरिया की जांच से कोई मतलब नहीं है।
आज पहुंचेगी खाद की 2600 मीट्रिक टन की रैक
मुजफ्फरनगर। जिले में यूरिया की डिमांड को देखते हुए एक पूरी रैक मंगा ली गई है। उप निदेशक कृषि जसवीर सिंह तेवतिया ने बताया कि 2600 मीट्रिक टन की एक पूरी रैक बृहस्पतिवार को यहां पहुंच जाएगी। दो दिन में सभी साधन सहकारी समितियों पर खाद पहुंच जाएगा। खाद का वितरण अब ई-पॉस मशीन के माध्यम से ही होगा।