बहुचर्चित विक्की त्यागी हत्याकांड की जांच कर रही सीबीसीआईडी वारदात के समय मौजूद कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं के भी बयान दर्ज करेगी। इसके लिए सीबीसीआईडी ने वकीलों को लखनऊ तलब किया है। हालांकि कुछ वकीलों ने व्यस्तता के चलते लखनऊ जाने में असमर्थता जताकर मुजफ्फरनगर में ही बयान लेने का आग्रह करते हुए सीबीसीआईडी को प्रार्थना पत्र भेजे हैं।
विक्की त्यागी की गतवर्ष 16 फरवरी 2015 को कोर्ट में ही गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने मौके से शूटर सागर मलिक को गिरफ्तार कर लिया था। बाद में शासन ने हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी थी। बीते डेढ़ साल से सीबीसीआईडी इस कांड की जांच कर रही है। हाल में ही सीबीसीआईडी ने एक न्यायिक अधिकारी के भी बयान लिए थे।
वारदात के दौरान दोनों पक्षों के वकीलों के अलावा शासकीय अधिवक्ता और अन्य अधिवक्ता भी मौजूद थे। अब सीबीसीआईडी ने वारदात के समय मौजूद अधिवक्ताओं के बयान दर्ज करने के लिए उन्हें लखनऊ तलब किया है। जिनके से कुछ अधिवक्ताओं ने सीबीसीआईडी से लखनऊ के बजाए मुजफ्फरनगर में ही बयान लेने का लिखित आग्रह किया है।
बड़कली कांड में दो गवाहों के बयान दर्ज
मुजफ्फरनगर। बड़कली के सामूहिक हत्याकांड के मुकदमे में शुक्रवार को कोर्ट में दो गवाहों के बयान दर्ज हुए। कोर्ट ने आगामी तारीख दो दिसंबर की लगाई है। पांच साल पहले 2011 को बड़कली के निकट पूर्व चेयरमैन उदयवीर सिंह समेत उनके आठ परिजनों की हत्या कर दी गई थी।
जिसमें विक्की त्यागी समेत 19 लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। यह मुकदमा एडीजे नवम की कोर्ट में चल रहा है। शुक्रवार को दो गवाहों के बयान दर्ज किए गए। यह भी बता दें कि इसी मुकदमे में वादी के बयानों पर जिरह के दौरान विक्की त्यागी की हत्या कर दी गई थी।