कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन होने पर वर-वधू पक्ष पर मुकदमा
देवबंद(सहारनपुर)। एक बैंक्वेट हॉल में अनुमति से ज्यादा लोग होने की सूचना पर पुलिस-प्रशासन की टीम ने छापा मार दिया। शादी समारोह में कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन होता मिला। लड़का और लड़की पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वहीं बैंक्वेट हॉल को सील करने की कार्रवाई भी प्रशासन ने शुरू कर दी है।
मंगलौर स्थित बैंक्वेट हॉल में शुक्रवार को दिन में शादी समारोह चल रहा था। लेकिन वहां कोरोना गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा था। बरात में लड़का व लड़की पक्ष के 100 से अधिक लोग शामिल थे। सूचना पर एसडीएम राकेश कुमार सिंह और सीओ रजनीश उपाध्याय ने छापा मारा। सीओ ने बताया कि 50 लोगों की अनुमति थी, लेकिन लोग ज्यादा मिले। कुछ ने तो मास्क भी नहीं लगा रखा था। शादी समारोह की वीडियोग्राफी कराकर बैंक्वेट हॉल को सील करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाल ने बताया कि बैंक्वेट हॉल स्वामी राहुल निवासी मोहल्ला जनकपुरी, लड़का पक्ष मिंटू निवासी बहादरपुर और लड़की पक्ष नंदकिशोर निवासी फतेहपुर के खिलाफ गाइडलाइन के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की है।