बीएसए कार्यालय पर धरना देते शिक्षक।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ में शिक्षकों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों पर निंदा की गई। लाठीचार्ज में शिक्षक की मौत के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। बृहस्पतिवार को शिक्षक कार्य से विरत रहे। गुस्साए शिक्षकों ने आरोपी पुलिस कर्मियों को सजा दिए जाने की मांग की है।
उप्र माध्यमिक शिक्षक संघ के बैनर तले कल्याणकारी इंटर कालेज बघरा में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने कहा कि शासन द्वारा शिक्षकों के शांतिपूर्ण का बर्बरतापूर्ण दमनचक्र है। पेंशन की मांग शिक्षकों एवं सेवारत कर्मियों का कानूनी अधिकार है। इसकी मांग कर रहे शिक्षकों पर पुलिस ने लाठियां बरसाकर एक शिक्षक की जान ले ली। इसकी भर्त्सना कर शिक्षकों ने दोषियों को सजा दिए जाने की मांग की है। उधर, एसडी इंटर कालेज में शिक्षकों ने लखनऊ में हुए शिक्षकों पर लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया।
शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। निर्णय लिया गया कि इस बर्बरता पूर्ण रवैये के खिलाफ शिक्षक एकजुट होकर आंदोलन करेंगे। दोषी पुलिस कर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर सजा दी जाए। मृतक शिक्षकों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने की मांग की है। उधर, डीएवी इंटर कालेज में अटेवा पेंशन बचाओ मंच के तत्वावधान में लाठीचार्ज का विरोध किया गया।
कर्मचारियों और शिक्षकों ने काली पट्टी बांधकर विरोध प्रकट किया। इस दौरान दिवंगत शिक्षक की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। इस मौके पर प्रधानाचार्य शिवकुमार यादव, प्रसन्न कुमार, राजीव गौतम, सुभाषचंद, अनिल यादव, नरेश कुमार, अमित कुमार, वैभव जुगलान, अरुण कुमार, मुकेश चंद्रा, संजीव कुमार, नीरज त्यागी आदि मौजूद रहे।