इंडियन आईडियल में चायनित गायक मोहम्मद दानिश।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
इंडियन आइडल में चमका लद्दावाला का दानिश
मुजफ्फरनगर। शहर के मोहल्ला लद्दावाला निवासी युवा सिंगर दानिश का चयन इंडियन आइडल रियलिटी शो के इसी माह शुरू होने वाले अगले शो के लिए किया गया है। डिजिटल ऑडिशन के बाद मुंबई में जजों के सामने गाने गाकर धूम मचाने वाले दानिश का चयन शो के फाइनल-14 सिंगर्स में भी हो गया है। वह द कपिल शर्मा शो में भी शनिवार और रविवार को अपनी आवाज का जादू बिखेरेगा।
शहर के मोहल्ला लद्दावाला निवासी मोहम्मद दानिश के मामा और आप नेता वसी खैरी ने बताया कि मोहम्मद दानिश गाना गाने के साथ ही अच्छा कंपोजर और संगीन निर्देशक भी है। वह अपने गानों का संगीत भी खुद ही तैयार करता है। वसी खैरी ने बताया कि इससे पहले मोहम्मद दानिश जी-टीवी के रियलिटी शो सारेगामापा के साथ ही पीटीसी पंजाबी और द वॉइस इंडिया रियलिटी सिंगिंग शो में भी अपनी आवाज का जादू बिखेर चुका है।
उसे वर्सेटाइल सिंगर का खिताब भी मिल चुका है और उसके गाए गाने यू-ट्यूब पर भी छाए हुए हैं। दानिश के चाचा शबाब अली ने बताया कि इंडियन आइडल में सलेक्शन के बाद दो हफ्ते पूर्व सोनी टीवी की टीम उनके घर आई थी, जहां उन्होंने दानिश के घर की शूटिंग करने के साथ ही उसके मम्मी-पापा, भाई-बहन से वार्ता की। इसके साथ ही शिवचौक पर भी सोनी की टीम ने दानिश के साथ शो की शूटिंग की। इंडियन आइडल इसी महीने 28 नवंबर से सोनी टीवी पर शुरू हो जाएगा। 21 व 22 नवंबर को दानिश सोनी टीवी पर द कपिल शर्मा शो पर भी अपनी आवाज का जादू बिखेरता नजर आएगा।