मुजफ्फरनगर। थाना सिविल लाइन क्षेत्र में उधार के 4200 रुपये न देने के विवाद में सिर में बिसोली (लोहे की हथौड़ी) मारकर एक मजदूर सन्नी उर्फ रजत पांचाल (30) की हत्या कर दी गई। आरोपी युवक मृतक युवक का मोबाइल भी उठाकर ले गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मोबाइल व हत्या में प्रयुक्त बिसोली बरामद कर ली।
शहर कोतवाली के मोहल्ला उत्तरी रामपुरी निवासी सन्नी उर्फ रजत पांचाल भवन निर्माण के दौरान लोहे के बिम व जाल बांधने की मजदूरी करता था। रविवार देर रात वह थाना सिविल लाइन क्षेत्र केे मोहल्ला जनकपुरी में अजनेश की चारा काटने की कुट्टी मशीन पर बैठा था। वहां किसी बात को लेकर उत्तरी रामपुरी निवासी नीरज मलिक के साथ कहासुनी हो गई।
नशे में धुत्त नीरज वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह ईंट तोड़ने में प्रयोग की जाने वाली बिसोली लेकर वापस पहुंचा। उसने वहां सो रहे रहे सन्नी के सिर पर बिसोली से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हमलावर नीरज मलिक, सन्नी का मोबाइल उठाकर वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने शोर शराब सुनकर घटना की सूचना पुलिस को दी तो सिविल लाइन पुलिस ने पहुंच कर घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की तो आरोपी रुड़की रोड पर बस अड्डे के पास सोता हुआ मिल गया। उससे मृतक का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त बिसोली व शराब का एक पव्वा बरामद हुआ।