मीरापुर। मीरापुर उपचुनाव में प्रचार के लिए सपा प्रत्याशी के पक्ष में रामराज के ग्राम रहड़वा के पंचायत भवन में समर्थकों ने सभा की। इसका वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने सपा प्रत्याशी के ससुर पूर्व सांसद कादिर राणा सहित दस लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया है। पूर्व सांसद के खिलाफ एक सप्ताह में दूसरा मुकदमा है।
रामराज थाना पुलिस ने बताया कि सोशल मीडिया पर फोटो व वीडियो वायर हो रही थी, जिसमें जांच की गई। जांच में आया कि आठ नवम्बर को ग्राम पंचायत रहड़वा के पंचायत भवन (सरकारी भवन) में सपा प्रत्याशी के समर्थन में सभा की गई थी।
वीडियो में सपा प्रत्याशी के ससुर मुज़फ्फरनगर निवासी पूर्व सांसद कादिर राणा, गांव भुआपुर थाना ककरौली निवासी प्रदीप व सुदेश और रामराज निवासी अमृत व अंकुर, रहडवा निवासी बलराम, सूबे सिंह, कालूराम, ब्रह्मपाल, शैलेंद्र व दस पंद्रह अन्य लोग सभा में मौजूद दिखाई दे रहे थे।
सरकारी भवन में चुनावी सभा नहीं की जा सकती। उपचुनाव के कारण आचार संहिता भी लगी है। इसी के चलते उक्त सभी लोगों को नामजद करते हुए 10-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध आचार संहिता उल्लंघन की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया। थाना पुलिस ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व भी रामराज पुलिस ने कादिर राणा समेत 12 लोगों को नामजद करते हुए व 15-20 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सपा प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ यह दूसरा मुकदमा दर्ज हुआ है।