जिले के नर्सिंगहोम में बने कोविड वार्ड
मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना विधायक उमेश मलिक ने डीएम सेल्वा कुमारी जे को पत्र लिखकर जनपद के सभी नर्सिंग होम में कोविड-वार्ड की स्थापना कराने का आग्रह किया है।
विधायक उमेश मलिक ने पत्र में अवगत कराया कि जनपद में कोरोना महामारी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। महामारी की चपेट में दिन-प्रतिदिन नागरिक आ रहे हैं। उपचार को लेकर लोगों में भय व्याप्त हो गया है, जो अवसाद की स्थिति उत्पन्न कर रहा है। नगर और कस्बे में बहुत से नर्सिंग होम ऐसे उपलब्ध है, जहां पर छोटा या बड़ा कोविड वार्ड स्थापित किया जा सकता है। इसलिए सभी नर्सिंग होम संचालकों और चिकित्सकों से पहले अपील की जाए कि वह कोविड संक्रमित लोगों को उपचार दें। जो नर्सिंग होम संचालक स्वयं कोविड वार्ड न खोलें, तो प्रशासन वहां कोविड- वार्ड स्थापित कराए। इससे लोगों में व्याप्त भय दूर होगा और महामारी काल में नागरिकों में विश्वास बहाल होगा।