कोहला बस्ती के लोगों का नगरपालिका के खिलाफ प्रदर्शन
देवबंद। मंगलौर चौकी के निकट हाईवे पर पेयजल सप्लाई का पाइप टूटा होने से सड़क पर जलभराव हो गया है। जिस कारण सड़क पर से गुजरने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सोमवार को कोहला बस्ती के लोगों ने हाईवे पर हो रहे जलभराव के विरोध में प्रदर्शन किया। चौधरी ओमपाल सिंह, सुनील धीमान, नरेश धीमान, मुकेश नामदेव, अनिल धीमान, अमित कुमार और अनिल त्यागी ने कहा कि करीब 10 दिन से पाइप टूटा पड़ा है। लेकिन नगरपालिका की लापरवाही यह है कि इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जबकि वाहनों से चलने से सड़क पर भरा पानी पैदल अथवा छोटे वाहनों पर चलने वाले लोगों के ऊपर गिर रहा है। जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने नगरपालिका के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से समस्या के त्वरित निस्तारण की मांग की। साथ ही चेतावनी दी यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन को मजबूर होना पड़ेगा। प्रदर्शन में हर्ष गुप्ता, साजिद खान, विकास गर्ग, नीशू गुप्ता, मनोज गुर्जर, रामपाल, रामनाथ, इलमचंद, सुषमा गोयल, मोंटी, बबलू गोयल आदि मौजूद रहे।