कैराना (ब्यूरो)। झोपड़ी में परिवार के साथ रहने वाली किशोरी को बोलेरो सवार चार युवक अपहरण कर ले गए। पुलिस ने आरोपियों को तलाशने का प्रयास किया, मगर कोई सुराग नहीं मिला। किशोरी के पिता ने एक नामजद सहित चार आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
शामली रोड पर मनीष सिनेमा के पीछे कुछ गरीब परिवार झोपड़ी डाल कर रह रहे है। बृहस्पतिवार रात साढे़ 10 बजे बोलेरो सवार चार युवक वहां पहुंचे तथा एक झोपड़ी में रहने वाली 14 वर्षीय लड़की के मुह पर उसका दुपट्टा बांधकर जबरन बोलेरो में डाल लिया। किशोरी ने शोर मचा दिया, जिस कारण पीड़िता के परिजन तथा आसपास रहने वाले लोग जाग गए।
किशेारी के पिता ने अपनी बेटी को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बोलेरो लेकर फरार हो गए। इसके बाद पीड़ित पिता ने 100 डायल पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किशोरी व आरोपियों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में किशोरी के पिता ने कोतवाली में एक नामजद सहित चार आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी उमेश रोरिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।