छावनी में तब्दील हुआ खेड़ी दूधाधारी
तितावी (मुजफ्फरनगर)। नाली के विवाद में ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन देशवाल की रविवार दोपहर हुई हत्या के चलते गांव खेड़ी दूधाधारी में तनाव की स्थिति है। इसके मद्देनजर गांव में पीएसी व अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात पुलिस सुरक्षा में ग्राम पंचायत सचिव के शव का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
थाना क्षेत्र के गांव खेड़ी दूधाधारी में रविवार दोपहर नाली के विवाद में ग्राम प्रधान पक्ष ने ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन सिंह के घर पर हमला कर दिया था। हमले में अर्जुन सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उसका सगा भाई इंदु देशवाल व चचेरा भाई अंशुल देशवाल गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका मेरठ में उपचार चल रहा है। ग्राम पंचायत सचिव की हत्या से गांव में जबरदस्त तनाव की स्थिति है। इसे भांपते हुए हत्यारोपी ग्राम प्रधान विनोद कुमार के परिजन घरों को ताले लगाकर अन्यत्र चले गए हैं। वहीं, तनाव के चलते गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है, जहां पीएसी की एक कंपनी के साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात है। उधर, पोस्टमार्टम के बाद रविवार देर रात अर्जुन देशवाल का शव गांव ले जाया गया, जहां देर रात 12.40 बजे पुलिस सुरक्षा के बीच शव का गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
घायल हत्यारोपी विनोद को कराया नर्सिंग होम में भर्ती
तितावी। गांव खेड़ी दूधाधारी में ग्राम पंचायत सचिव की हत्या करने का मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान विनोद कुमार को पुलिस ने रविवार रात ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। एसओ राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि हत्यारोपी भी सिर में चोट लगने से गंभीर रूप से घायल है, जिसे पहले तो तितावी में ही रखा गया, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों के पहुंचने की आशंका के चलते उसे सोमवार सुबह शहर के नर्सिंग होम में भर्ती करा दिया गया, जहां ऐहतियातन कड़ी पुलिस सुरक्षा रखी गई है।
कांस्टेबल नदीम की बहादुरी के कायल हुए एसएसपी
तितावी। गांव खेड़ी दूधाधारी में हुई ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन देशवाल की हत्या में पुलिस लापरवाही पर एसओ रहे एसआई कपिलदेव और चौकी प्रभारी रहे एसआई कुमेर सिंह को लाइन हाजिर करने वाले एसएसपी अभिषेक यादव कांस्टेबल नदीम की बहादुरी के कायल हो गए। दरअसल, घटना के समय नदीम साथी होमगार्ड के साथ मौके पर ही मौजूद था। ग्राम प्रधान पक्ष ने बीचबचाव कराने पर नदीम पर भी हमला कर दिया था, जिसके बाद होमगार्ड ने वहां से भागकर जान बचाई थी। हालांकि जब हमलावर ग्राम पंचायत सचिव अर्जुन सिंह को गोली मारकर उसके भाई इंदु देशवाल पर भी फायर करने लगे तो कांस्टेबल नदीम अकेला ही हमलावरों से भिड़ गया था और उनसे तमंचा भी छीन लिया था। इसके बाद ही हमलावरों के पैर उखड़े और वे वहां से फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने नदीम की पीठ थपथपाते हुए उसे शाबासी दी।