बुढ़ाना में नगर पंचायत के कंट्रोल रूम में एलसीडी पर मार्ग का जायजा लेते ईओ व कर्मचारी।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
कांवड़ शिविरों में बचा भोजन गोवंश के लिए होगा एकत्र
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रशासन के साथ नगर पंचायत भी अपना पूरा सहयोग कर रही है। कांवड़ मार्ग पर भक्तों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं, जिनका कंट्रोल रूम नगर पंचायत कार्यालय में बनाया गया है। अधिशासी अधिकारी ने बताया कि कांवड़ शिविरों में बचे हुए खाने का बर्बाद नहीं होने दिया जाएगा। यह खाना गोशाला में गोवंश के लिए एकत्र किया जाएगा। क्षेत्र के प्रत्येक कांवड़ सेवा शिविर में हरा व नीला रंग का ड्रम रखा जाएगा।
नगर पंचायत की चेयरपर्सन बाला त्यागी और अधिशासी अधिकारी ओम गिरि ने बताया कि कस्बे के सभी तिराहे व चौराहे पर स्थानीय कंट्रोल रूम बनाया गया है। मुख्य कंट्रोल रूम नगर पंचायत कार्यालय में बनाया गया है। बिजली, सफाई व पानी की व्यवस्था दुरुस्त कर ली गई है। बिजली न होने पर नगर पंचायत के जनरेटर द्वारा कांवड़ मार्ग पर रोशनी की व्यवस्था कर दी गई है। उन्होंने बताया कि कस्बा व देहात में लगने वाले कांवड़ सेवा शिविर में दो-दो ड्रम रखे जाएंगे। हरे रंग के ड्रम में शिविर में बचा हुआ खाना व नीले रंग के ड्रम में कूड़ा -करकट एकत्र किया जाएगा। शिविरों में बचे हुए खाने को दिन में तीन बार एकत्र किया जाएगा। शिविरों में बचा हुआ खाना कस्बे की गोशाला में गोवंशों के लिए एकत्र किया जाएगा।