मुजफ्फरनगर। राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से भेंट कर उत्तर प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
पीएम मोदी द्वारा धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय और केंद्रीय कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कपिल देव अग्रवाल ने उनके नई दिल्ली स्थित आवास पर भेंट कर उन्हें शुभकामना दी। उन्होंने उत्तर प्रदेश में युवाओं के प्रशिक्षण, कौशल की गुणवत्ता बढ़ाने की कार्ययोजना पर चर्चा की। इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ साइंस एजुकेशन एंड रिसर्च के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मंत्री कपिल देव ने उत्तर प्रदेश में भी इंस्टिट्यूट स्थापित किये जाने की मांग की। इसके अतिरिक्त उन्होंने हेल्थ सेक्टर में ट्रेनिंग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए वर्तमान लक्ष्य एक लाख प्रशिक्षुओं को बढ़ाने पर जोर दिया। प्रदेश सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने, उन्हें स्वरोजगार के प्रति प्रेरित करने और उनके कौशल विकास के लिए चलाई जा रही प्रभावशाली योजनाओं के माध्यम से प्रदेश के युवा प्रदेश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रहे हैं।