मुजफ्फरनगर। राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार, राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल डॉ. सोमेंद्र तोमर की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा एवं जिला प्रशासन समन्वय समिति कोर कमेटी एवं विकास कार्यों की बैठक हुई। जिले के प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करते हुए अवैध कट बंद किए जाएं। सुरक्षा व्यवस्था में कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री को डीएम उमेश मिश्रा ने कांवड़ यात्रा की तैयारियों से अवगत कराया। प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्गों और कांवड़ पटरी पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहे।
सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाए। आपत्तिजनक टिप्पणी या पोस्ट डालने पर कठोर कार्रवाई की जाए। शिविरों में लगे विद्युत प्वाइंटों को निरंतर चेक किया जाए, कांवड़ मार्गों पर सभी सीसीटीवी कैमरे हाई-मास्क लाइटें संचालित रहें।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल, पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, रालोद जिलाध्यक्ष संजय राठी, एसएसपी संजय वर्मा, एमडीए उपाध्यक्ष प्रणता ऐश्वर्या, सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया शामिल रहे।
कंट्रोल रूम का निरीक्षण, कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा
प्रभारी मंत्री की ओर से शिव चौक पहुंचकर कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया गया। उन्होंने मार्ग से गुजर रहे कांवड़ियों पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने कांवड़ मार्ग, कांवड़ सेवा शिविरों एवं चिकित्सीय सेवा शिविरों का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय भ्रमण कर निरीक्षण किया।
शिक्षक नेता बोले...वापस ली जाए प्राथमिकी
प्रभारी मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर से शिक्षक नेता राहुल कुशवाहा मिले। उन्होंने पिछले दिनों पचेंडा में छात्रा की आत्महत्या के बाद शिक्षकों पर दर्ज प्राथमिकी की जानकारी दी। शिक्षकों से केस वापस लिए जाने की मांग रखी गई।