फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नशे में धुत कांवड़िया ने की आत्महत्या की कोशिश, दूसरे समुदाय के व्यक्ति के घर में घुसा

Tue, 18 Jul 2017 12:18 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/ मुजफ्फरनगर
विज्ञापन
कांवड़िये से पूछताछ करती पुलिस। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पुरकाजी में नशे की हालत में कांवड़िये ने एक समुदाय विशेष के घर में घुसकर पंखे से लटकर जान देने की कोशिश की। घर में मौजूद महिलाओं के शोर मचाने पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने कांवड़िये को किसी तरह बाहर निकाला। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।       
विज्ञापन


घटना सोमवार सुबह करीब दस बजे की है। एक कांवड़िया कस्बे के मोहल्ला झोझगान में दूसरे समुदाय के  घर में घुस गया। महिलाओं ने उसे रोकने का प्रयास किया, मगर वह भागकर घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में घुस गया। कमरे की अंदर से कुंडी लगाकर एक कपड़े को पंखे में बांधकर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगा। महिलाओं के शोर मचाने पर मोहल्ले के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी।

पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बमुश्किल दरवाजा खुलवाकर कांवड़िये को बाहर निकाला गया। इस दौरान मौके पर आसपास के लोग जमा हो गए। पुलिस कांवड़िये को थाने ले गई, जहां पूछताछ में उसने अपना नाम करण पुत्र शुभम निवासी पहाड़गंज दिल्ली बताया। पुलिस ने उसके द्वारा बताए गए टेलीफोन नंबर पर उसके परिजनों से बात कर मामले से अवगत कराया। उसेनशे की हालत में पुरकाजी के अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। बाद में दूसरे समुदाय के कुछ लोग थाने पहुंचे और कांवड़िये के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इस पर इंस्पेक्टर ने उन्हें समझा-बुझाकर वापस भेज दिया। 
विज्ञापन


कांवड़ियों पर पानी फेंकने से तनाव 
बुढ़ाना। हरिद्वार से गंगाजल लेकर बुढ़ाना के रास्ते दिल्ली जा रहे कांवड़ियों की टोली पर कुरैशियों वाली पुलिया के पास किसी ने पानी फेंक दिया, जिससे कांवड़िये भीग गए।  कांवड़ियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देकर कांवड़ियों के गुस्से को शांत किया।

दिल्ली के नांगलोई निवासी मुकेश वर्मा, कृष्णा पांडेय, रोहिताश सिंह वर्मा अपने अन्य साथियों के साथ हरिद्वार से गंगाजल लेकर बुढ़ाना के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 10 बजे महावीर चौक से गुजरकर उनकी टोली कुरैशियों वाली पुलिया के पास पहुंची, तो किसी ने उनके ऊपर पानी फेंक दिया, जिससे कांवड़ियों ने हंगामा कर दिया। घटना की सूचना पर इंस्पेक्टर चमन सिंह चावड़ा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने कांवड़ियों की टोली को समझाकर माहौल शांत किया। आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन देते हुए उन्हें कोतवाली लाया गया। कांवड़ियों ने अज्ञात लोगों पर पानी फेंकने की तहरीर पुलिस को दी। पुलिस ने कांवड़ियों को दो घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। घटना के बाद मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

यात्रा में दो कांवड़ियों की मौत      
मुजफ्फरनगर। गाजियाबाद के पटेलनगर निवासी कपिलदेव अपनी पत्नी इंदू बाला को साथ लेकर रविवार देर रात स्कूटी से कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। जब दंपति नेशनल हाईवे पर पुरकाजी के पास पहुंचा, तो सामने से आती कार ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी, जिससे दंपति घायल हो गए। टक्कर से इंदू बाला सिर के बल सड़क पर गिरने से अचेत हो गई। सूचना पर पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उधर, रविवार देर रात दिल्ली के माजरा डबास से कांवड़ियों की टोली कांवड़ लेने हरिद्वार जा रही थी। टोली में पप्पे सिंह भी शामिल था। छपार के पास अचानक पप्पे सिंह की तबियत बिगड़ गई। उसके सीने में तेज दर्द हुआ। साथियों ने वहां एक कांवड़ सेवा शिविर में मौजूद डॉक्टर को दिखाया।

डॉक्टर ने उसे दिल का दौरा पड़ने की जानकारी देकर तुरंत शहर ले जाने की सलाह दी। साथी कांवड़ियां उसे लेकर शहर की ओर चल दिए, मगर कुछ देर बाद ही उसकी मृत्यु हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। रात में ही दोनों के परिजन यहां आ गए। परिजनों ने किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इंकार दिया। बाद में परिजन शवों को अपने साथ घर ले गए।      
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें